Punjab Exit Poll 2022: अधिकतर एग्जिट पोल की मानें तो, पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार बनती हुए दिख रहे हैं। हालांकि एक न्यूज चैनल ऐसा भी है, जो अपने एग्जिट पोल में कांग्रेस (Congress) की सरकार बनने का दावा कर रहा है। इंडिया टीवी - ग्राउंड जीरो रिसर्च (India TV - Ground Zero Research) के एग्जिट पोल के मुताबिक, पंजाब में कांग्रेस एक बार फिर से बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। हालांकि पार्टी बस किसी तरह यह बहुमत का आंकड़ा छू रही है।
इंडिया टीवी-ग्राउंड जीरो रिसर्च एग्जिट पोल के मुताबिक, 117 सीटों वाले पंजाब में कांग्रेस को 49 से 59 सीटें मिल सकती हैं। बता दें कि पंजाब में बहुमत के लिए किसी भी पार्टी को 59 सीटें चाहिए और इस एग्जिट पोल में कांग्रेस को अधिकतम 59 सीटें दिखाई जा रही हैं।
एग्जिट पार्टी में आम आदमी पार्टी को 27 से 37 सीटों के साथ राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनते हुए दिखाया जा रहा है। वहीं अकाली दल और बीसएसी गठबंधन के खाते में 20 से 30 सीटें जाने का अनुमान लगाया है। इसके अलावा बीजेपी 2 से 6 और निर्दलीय व अन्य के खाते में 1 से 3 सीटें जाते हुए बताई गई हैं।
देशबंधु के एग्जिट पोल में भी बन रही कांग्रेस की सरकार
देशबंधु के एग्जिट पोल के मुताबिक भी पंजाब में कांग्रेस अपनी सत्ता बचाती हुई दिख रही है और वह भी स्पष्ट बहुमत के साथ। यह भी खास बात है कि इस एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी को दूसरे नहीं बल्कि तीसरे स्थान पर जाते हुए दिखाया गया है।
एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस को पंजाब में 62 से 68 मिल सकती हैं और वह एक बार फिर स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बना सकती है। वहीं 22 से 28 सीटों के साथ अकाली दल की अगुआई वाली गठबंधन मुख्य विपक्ष के रूप में उभर सकता है।
देशबंधु के एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब में आम आदमी पार्टी 17 से 23 सीटों के साथ तीसरे नंबर पर जा सकती है। एग्जिल पोल में बीजेपी के खाते में 2 से 8 सीट और अन्य के खाते में 0 से 4 सीट जाने का अनुमान लगाया है।
इस बीच कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ से जब पंजाब के आप सरकार बनने के दावे वाले एग्जिट पोल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अटकलों पर विराम लगाकर सभी लोग बस तीन दिन और इंतजार करें क्योंकि 10 मार्च को वोटों की गिनती से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।