J&K Assembly Elections: जम्मू-कश्मीर में 3 चरण में होंगे विधानसभा चुनाव, 4 अक्टूबर को वोटों की होगी गिनती, देखें पूरा शेड्यूल

Jammu and Kashmir Assembly Elections: भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने शुक्रवार (16 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। जम्मू-कश्मीर में 3 चरण मतदान होंगे। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को मतदान होगा। जबकि 4 अक्टूबर को मतगणना होगी

अपडेटेड Aug 16, 2024 पर 4:14 PM
Jammu-Kashmir Polls 2024: जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच तीन चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे

Jammu and Kashmir Assembly Elections: भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने शुक्रवार (16 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। जम्मू-कश्मीर में 18 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच 3 चरण में विधानसभा चुनाव होंगे। जबकि 4 अक्टूबर को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 90 विधानसभा सीटों वाले जम्मू-कश्मीर में मतदान तीन चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 18 सितंबर, दूसरे चरण का मतदान 25 सितंबर तथा तीसरे चरण का मतदान 1 अक्टूबर को होगा। जबकि मतगणना चार अक्टूबर को होगी।

साल 2019 में आर्टिकल 370 के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त किए जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर में पहली बार विधानसभा चुनाव होने जा रहा है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की 90 विधानसभा सीटों में 42.6 लाख महिलाओं सहित कुल 87.09 लाख मतदाता हैं। इनके मतदान के लिए कुल 11,838 मतदान केंद्र होंगे।

उन्होंने कहा कि इस पूर्ववर्ती राज्य के सभी उम्मीदवारों को उनके राजनीतिक दलों की मांग के अनुसार आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी। केंद्र सरकार ने साल 2019 में आर्टिकल 370 को निरस्त कर के जम्मू-कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बांट दिया था।


सुप्रीम कोर्ट से मिली थी हरी झंडी

इस फैसले को चुनौती देनी वाली याचिकाओं पर सुनवाई करने वाली सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता में पांच जजों की पीठ ने सर्वसम्मति से फैसला देते हुए जम्मू-कश्मीर के विशेष दर्जे को खत्म करने का फैसला बरकरार रखा था।

इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने केंद्र सरकार को इस साल सितंबर तक इस पूर्ववर्ती राज्य में विधानसभा चुनाव कराने के लिए कदम उठाने को कहा था। जम्मू-कश्मीर में पिछला विधानसभा 2014 में पांच चरणों में हुआ था। तब यह एक राज्य था और लद्दाख उसका हिस्सा था।

अन्य डिटेल्स

दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "जम्मू-कश्मीर में पार्टियों ने एक और अनुरोध किया था कि उनके जो उम्मीदवार हैं, और पार्टी के पदाधिकारी हैं उन सभी को बराबर सुरक्षा मिले ऐसा ना हो किसी को कम सुरक्षा मिले। हमने इसे लेकर दिशा निर्देश दे दिए हैं कि सभी उम्मीदवारों को सुरक्षा मिले।"

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा, "जम्मू-कश्मीर में कुल 90 निर्वाचन क्षेत्र हैं जिसमें से 74 जनरल, 9 ST और 7 SC हैं... मतदाताओं की संख्या कुल 87.09 लाख हैं जिसमें 44.46 लाख पुरुष और 42.62 लाख महिला मतदाता होंगे। जम्मू-कश्मीर में युवा मतदाताओं की संख्या 20 लाख है।"

हरियाणा में भी चुनाव का ऐलान

हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए 1 अक्टूबर को मतदान होगा। जबकि मतगणना चार अक्टूबर को होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना पांच सितंबर को जारी होगी तथा नामांकन 12 सितंबर तक दाखिल किए जा सकते हैं। निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नाम वापसी की आखिरी तारीख 16 सितंबर होगी।

कुमार ने बताया कि मतदान एक चरण में एक अक्टूबर को होगा तथा चार अक्टूबर को मतगणना होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कुल 90 विधानसभा क्षेत्रों में 2.01 करोड़ मतदाता हैं जिनमें 95 लाख महिलाएं हैं हरियाणा में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार है। इसका कार्यकाल तीन नवंबर को पूरा हो रहा है।

पिछले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में BJP ने जननायक जनता पार्टी (JJP) के साथ मिलकर गठबंधन की सरकार बनाई थी। हालांकि लोकसभा चुनाव में सीट साझेदारी को लेकर असहमति के बाद यह गठबंधन टूट गया था। बाद में भाजपा ने निर्दलीय विधायकों के समर्थन के दम पर अपनी सरकार बचा ली।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।