संजय झा बनाए गए JDU के कार्यकारी अध्यक्ष, नीतीश कुमार ने की बिहार के लिए 'विशेष दर्जे' की मांग

JDU National Executive Meeting: JDU नेता नीरज कुमार ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकिारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकारिणी में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) जी ने पार्टी के राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया

अपडेटेड Jun 29, 2024 पर 3:23 PM
Story continues below Advertisement
JDU National Executive Meeting: संजय झा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफी करीबी माना जाता है

JDU National Executive Meeting: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राज्यसभा सदस्य संजय झा को शनिवार (29 जून) को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे। झा की कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेतृत्व के साथ उनके अच्छे संबंधों के कारण महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वे राज्यसभा में पार्टी के नेता भी हैं।

JDU नेता नीरज कुमार ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकिारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा, "कार्यकारिणी में दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। पहला, राजनीतिक और दूसरा संगठनात्मक। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) जी ने पार्टी के राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय झा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया।"

बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री रह चुके संजय झा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत बीजेपी से की थी। बाद में वह JDU में शामिल हो गए। वह JDU के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य योजना परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं। झा को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का काफी करीबी माना जाता है।


JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर संजय झा ने कहा, "बहुत बड़ी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुझे दी है। मैं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। उन्होंने 20 साल में बिहार में बड़ा बदलाव लाया है। इनके काम को, बात को लेकर अन्य जगह भी जाना उद्देश्य रहेगा।"

राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के बाद JDU प्रवक्ता केसी त्यागी ने कहा, "उन्होंने (CM नीतीश कुमार) राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सामने घोषणा की है कि अब वे हमेशा NDA गठबंधन का हिस्सा रहेंगे। बिहार हाईकोर्ट द्वारा रोके गए आरक्षण को लेकर हम सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। राज्यसभा सांसद संजय झा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। हम विशेष दर्जे और आर्थिक पैकेज के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।"

बिहार के लिए 'विशेष दर्जे' की मांग

नीतीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल यूनाइटेड ने शनिवार को बिहार के लिए 'विशेष दर्जे' का दर्जा मांगने वाला प्रस्ताव पारित किया। दिल्ली में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान यह प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री ने राज्य के लिए स्पेशल कैटेगरी के दर्जे की वकालत करने का संकल्प लिया। यह मांग पार्टी द्वारा पहले भी कई बार उठाई जा चुकी है।

विशेष राज्य के दर्जे के लिए यह प्रयास विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बीजेपी केंद्र में सत्ता में बने रहने के लिए कुमार की JDU के समर्थन पर निर्भर है, जिसके पास नव निर्वाचित लोकसभा में 12 सीटें हैं।

ये भी पढ़ें- NEET-UG Row: नीट-यूजी पेपर लीक मामले में एक्शन में CBI! गुजरात में 7 ठिकानों पर छापेमारी, प्रिंसिपल और पत्रकार गिरफ्तार

यह बिहार कैबिनेट द्वारा पिछले साल राज्य के लिए विशेष दर्जे की मांग करने वाले प्रस्ताव को पारित करने के बाद आया है। इससे पहले बैठक में पार्टी ने राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा को JDU का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।