'झारखंड में घट रही हिंदुओं की संख्या', पीएम मोदी ने ₹83,700 की योजनाओं का दिया तोहफा, JMM पर बरसे
Jharkhand Assembly Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (2 अक्टूबर) को हजारीबाग में कहा कि झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों की जनसंख्या घट रही है। उन्होंने JMM की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार पर राज्य की पहचान, संस्कृति और विरासत की कीमत पर घुसपैठियों का समर्थन करके वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया
Jharkhand Assembly Election: प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के हजारीबाग में 83,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की
PM Modi in Jharkhand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार (2 अक्टूबर) को झारखंड में 83,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों की जनसंख्या घट रही है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार पर राज्य की पहचान, संस्कृति और विरासत की कीमत पर घुसपैठियों का समर्थन करके वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने JMM और कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के भूखे दोनों दल राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं।
पीटीआई के मुताबिक, पीएम मोदी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि JMM के नेतृत्व वाली सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। राज्य में हिंदुओं और आदिवासियों की आबादी घट रही है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस अनुसूचित जाति (SP), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का आरक्षण छीनना चाहती है। लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि कोई भी ऐसा नहीं कर सकता।"
PM मोदी ने कहा कि आदिवासी प्रतीकों की अनदेखी की गई है। कांग्रेस ने उनकी पहचान मिटाने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि JMM के नेतृत्व वाले गठबंधन ने झारखंड में विकास को पटरी से उतारा और यह राज्य के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आदिवासियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उनके फायदे के लिए 15 मंत्रालय मिलकर काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि झारखंड में 'बेटी, माटी, रोटी' की रक्षा करने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए 'परिवर्तन' का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में जमीन 'दलालों' का राज है और सेना की जमीन भी नहीं छोड़ी गई तथा खदानों और खनिजों की जमकर लूट हुई।
उन्होंने कहा कि JMM के नेतृत्व वाला गठबंधन लोगों को 'झूठ की जलेबी' परोस रहा है। उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए JMM के नेतृत्व वाला गठबंधन लोगों की पहचान, संस्कृति और परंपरा को दांव पर लगा रहा है।
संबोधन की बड़ी बातें
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज गांधी जयंती के पावन अवसर पर मुझे यहां आने का सौभाग्य मिला है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 1925 में गांधी जी हजारीबाग आए थे। बापू के विचार, उनकी शिक्षाएं हमारे संकल्पों का हिस्सा हैं। मैं बापू को नमन करता हूं, उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।
- उन्होंने कहा, "JMM अब झूठे वादों की बदौलत अपने आपको बचाना चाहती है, जिन्होंने 5 साल तक जनता का हक छीना अब वो चुनाव में बड़े-बड़े वादें कर आपकी आंख में धूल झोंकना चाहते हैं। झारखंड के लोगों को इनसे सावधान रहना है। इन्होंने बेरोजगार युवाओं को बेरोजारी भत्ता देने का वादा किया था, उसका क्या हुआ? इन्होंने युवाओं के लिए भर्ती का वादा किया था, क्या वादा पूरा हुआ?"
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह झारखंड की लड़ाई सत्ता पाने की लड़ाई नहीं है, यह 'रोटी', 'बेटी' और 'माटी' बचाने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि यहां कुछ ही महीनों में भारतीय जनता पार्टी सरकार बनेगी। मैं झारखंड को गारंटी देता हूं कि झारखंड में जब बीजेपी-NDA की सरकार बनेगी तो 'रोटी', 'बेटी' और 'माटी' की सुरक्षा सुनिश्चित कर दी जाएगी।
- पीएम ने कहा कि आज मुझे अफसोस है कि अब JMM भी कांग्रेस और RJD के रंग में रंग गई है। यह पुरानी JMM नहीं है, आज JMM पर कांग्रेस के इकोसिस्टम ने कब्जा कर लिया है। आज JMM पर कांग्रेस का भूत सवार है। भाषा बदली, चरित्र बदला और अब ये झारखंड की आत्मा को बदलने चले हैं।
- उन्होंने कहा कि आज JMM सरकार झारखंड के विकास में बड़ी बाधा बन गई है। आज प्रदेश सरकार में जमीन के दलालों की तूती बोल रही है। इन्होंने गरीब आदिवासियों की जमीन को लूटा, झारखंड में कोयले की खुली लूट चल रही है, ठेके, पट्टे के नाम पर बालू की लूट हो रही है, जो खनिज विकास की पूंजी है, यह सरकार उसकी भी लूट कर रही है।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीजेपी वह पार्टी है जिसने आप सबके साथ मिलकर झारखंड राज्य के सपने को देखा भी और उसे पूरा भी किया। अटल जी ने सरकार में आते ही शांति और सहमति के साथ झारखंड राज्य बनाया था, हम झारखंड का विकास चाहते थे, हम यहां के आदिवासी समाज के सपनों को पूरा करना चाहते थे लेकिन इन्हें पूरा करने में हमारी लड़ाई RJD जैसी पार्टियों से थी। RJD जैसी पार्टी ने झारखंड को अपनी लूट का ठिकाना बना रखा था। जल, जंगल, जमीन की खुले आम लूट होती थी। इस इलाके को इन्होंने अपराधियों, माफियाओं का सेफ हाउस बना रखा था और इन्हें दिल्ली से कांग्रेस पार्टी शह दे रही थी।
- पीएम मोदी ने कहा कि ये बीजेपी ही है जिसने आदिवासी संग्रहालय बनाने का अभियान शुरू किया है। हमने भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर जनजातीय गौरव दिवस मनाना शुरू किया है। भगवान बिरसा मुंडा को धरती आबा कहा जाता है। उनके नाम पर आज धरती आबा जनजाति ग्राम उत्सव अभियान शुरू हुआ है। इस योजना का मकसद उन आदिवासी भाई-बहनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, जिन्हें अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है।
- प्रधानमंत्री ने परिवर्तन महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में आदिवासी जन-नायकों के साथ जैसा अन्याय किया गया वैसा अन्याय दूसरे किसी के साथ नहीं हुआ। कांग्रेस ने अपने एक परिवार को पहचान दिलाने के लिए देश के कोने-कोने में बसे आदिवासी परिवारों की पहचान मिटा दी। आजादी की लड़ाई में इतना बड़ा योगदान देने वाले आदिवासी समाज को कांग्रेस ने कभी महत्व नहीं दिया। सारी योजनाएं एक ही परिवार के बेटे-बेटी के नाम पर, सारी सड़कें, सारी इमारतें, एक ही परिवार के बेटे-बेटी की नाम पर। ऐसी परिवारवादी सोच ने देश का बहुत नुकसान किया। आज मुझे गर्व है कि हमारी सरकार आदिवासी नायकों को पूरा सम्मान दिला रही है।
- पीएम मोदी ने कहा कि इन्होंने कभी भी आदिवासियों को आगे नहीं बढ़ने दिया है। इसलिए सत्ता में बने रहने के लिए ये लोग झारखंड में एक नया वोटबैंक तैयार कर रहे हैं। झारखंड को बलि चढ़ाकर वोटबैंक का खेल चल रहा है। इनका ये खेल कितना खतरनाक है। संथाल परगना इसका जीता-जागता सबूत है। संथाल परगना में आदिवासी आबादी लगातार कम हो रही है, वहीं घुसपैठियों की आबादी लगातार बढ़ रही है। घुसपैठियों की बढ़ती आबादी, आदिवासी समाज की घटती संख्या... ये सब JMM और कांग्रेस की सत्ता की भूख का नतीजा है।