बड़ी मात्रा में नकदी के साथ पकड़े गए कांग्रेस के तीनों विधायक निलंबित, कार से 49 लाख रुपये हुआ था बरामद

पुलिस ने झारखंड में कांग्रेस के 3 विधायकों को शनिवार रात पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में रोका था। उनके कार से काफी नकदी बरामद की गई है। उस वाहन में कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्चाप और नमन बिक्सल कोंगरी सवार थे

अपडेटेड Jul 31, 2022 पर 1:26 PM
Story continues below Advertisement
कांग्रेस ने तीनों विधायकों को पार्टी से तुरंत प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है

झारखंड के तीन विधायकों की कार से पश्चिम बंगाल के हावड़ा में बरामद 49 लाख रुपये का मामला उलझता जा रहा है। पूरे मामले में राजनीति तेज हो गई है। इस बीच, कांग्रेस ने तीनों विधायकों को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी महासचिव और झारखंड कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तीनों विधायक जिन्हें कल (शनिवार) नकदी के साथ पकड़ा गया था, उन्हें पार्टी से तुरंत प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कोई भी जनप्रतिनिधि, पार्टी का जिम्मेदार पदाधिकारी या कोई भी कार्यकर्ता हो, हर किसी की जानकारी हमारे पास है। जो कोई भी इससे जुड़ा हुआ या लिप्त पाया जाता है, पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें- संजय राउत के घर पर ED ने दी दस्तक, बाहर हंगामा, भूमि घोटाला मामले में पूछताछ


तीन कांग्रेस विधायक नगदी के साथ गिरफ्तार

पुलिस ने झारखंड में कांग्रेस के तीन विधायकों को शनिवार रात पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में रोका। उनके वाहन से काफी नकदी बरामद की गई है। जिस वाहन में विधायक इरफान अंसारी (Irfan Ansari), राजेश कच्चाप (Rajesh Kachhap) और नमन बिक्सल कोंगरी (Naman Bixal Kongari) सवार थे, उसे खुफिया सूचना के आधार पर पांचला पुलिस थाना क्षेत्र के रानीहाती में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर शनिवार को रोका गया और वाहन में बड़ी रकम मिली।

हावड़ा (ग्रामीण) की पुलिस अधीक्षक स्वाति भांगलिया ने कहा कि हमें सटीक सूचना मिली थी कि काले रंग की एक कार में बड़ी रकम ले जाई जा रही है। हमने वाहनों की तलाशी शुरू कर दी और इस कार को रोका, जिसमें तीन विधायक सवार थे। कार से 49 लाख रुपये नकद राशि बरामद हुई है।

उन्होंने कहा कि नकदी गिनने के लिए मशीन मंगवाई गईं। विधायकों से भी पूछताछ की जा रही है कि इस धन के स्रोत क्या हैं और इसे कहां ले जाया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि एसयूवी में विधायकों के अलावा दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे।

इस कार के एक बोर्ड पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न के साथ ही विधायक जामताड़ा झारखंड लिखा हुआ था। अंसारी जामताड़ा, जबकि कच्चाप रांची जिले के खिजरी और कोंगारी सिमडेगा कोलेबिरा से विधायक हैं।

कांग्रेस का बीजेपी पर आरोप

कांग्रेस की झारखंड इकाई ने दावा किया कि भारी मात्रा में यह नकदी हेमंत सोरेन सरकार को गिराने की भारतीय जनत पार्टी (BJP) की साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस राज्य में लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ सोरेन सरकार का हिस्सा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।