Karnataka CM Decision: अगले 48-72 घंटों में कर्नाटक को मिलेगी नई सरकार? सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच खींचतान जारी
Karnataka CM Decision: पार्टी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला (Randeep Surjewala) ने ये भी कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी की तरफ से फैलाई जा रही’ अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि अब तक कोई फैसला नहीं हुआ है। उनका कहना था कि विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को फैसले का अधिकार दिया गया था और ऐसे में वह सहमति और एकजुटता के आधार पर निर्णय लेंगे
MoneyControl News
अपडेटेड May 17, 2023 पर 5:17 PM
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार और कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की
Karnataka CM Decision: कर्नाटक में कांग्रेस (Congress) विधायक दल का नेता चुनने के लिए जारी मंत्रणा के बीच पार्टी ने बुधवार को कहा कि आज या कल तक फैसला हो सकता है। साथ ही अगले 48 घंटे से 72 घंटे के बीच प्रदेश में नई कैबिनेट होगी। पार्टी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला (Randeep Surjewala) ने ये भी कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी की तरफ से फैलाई जा रही’ अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं हैं, क्योंकि अब तक कोई फैसला नहीं हुआ है।
उनका कहना था कि विधायक दल की बैठक में प्रस्ताव पारित कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को फैसले का अधिकार दिया गया था और ऐसे में वह सहमति और एकजुटता के आधार पर निर्णय लेंगे।
सुरजेवाला ने मीडिया से कहा, "अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। बातचीत चल रही है। अफवाहों पर विश्वास न किया जाए।" उन्होंने कहा, "फैसला आज हो या कल हो, आप लोगों को बताया जाएगा...अगले 48 से 72 घंटे के बीच कर्नाटक में नयी कैबिनेट होगी।"
सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि हार से बौखलाई BJP अफवाहें फैला रही है।
#Watch: कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने CM पद को लेकर कांग्रेस में जारी विरोध की खबरों पर सफाई दी। सुरजेवाला ने बीजेपी पर गलत खबरें चलाने का आरोप गया है और कहा- 'जब भी कांग्रेस फैसला करेगी हम आपको सूचित करेंगे।' कर्नाटक में 48-72 घंटों के भीतर मंत्रिमंडल बनाने का किया दावा pic.twitter.com/AHkGXSdS8q
— Moneycontrol Hindi (@MoneycontrolH) May 17, 2023
सुरजेवाला ने कहा, "कांग्रेस पार्टी 6.5 करोड़ कर्नाटकवासियों के हित में काम करने और पांचों गारंटी लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।"
उनका कहना था कि सरकार बनने के बाद कैबिनेट की पहली बैठक में पांचों ‘गारंटी’ पर अमल शुरू हो जाएगा।
दिल्ली में चल रहा कर्नाटक का नटक
इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया (Siddaramaiah) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार (DK Shivakumar) ने बुधवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से अलग-अलग मुलाकात की।
कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) के आवास 10 जनपथ पर राहुल गांधी से दोनों नेताओं की मुलाकात को मुख्यमंत्री पद पर सहमति बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
सिद्धरमैया ने करीब आधे घंटे तक राहुल गांधी के साथ चर्चा की तो शिवकुमार ने उनसे एक घंटे से ज्यादा देर तक बातचीत की।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद शिवकुमार ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
सिद्धरमैया और शिवकुमार दोनों ही राज्य के मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं, हालांकि सिद्धरमैया को इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए कांग्रेस में मंगलवार को भी गहन मंथन जारी रहा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहले राहुल गांधी के साथ चर्चा की और फिर पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे दोनों नेताओं सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार से मुलाकात की थी।
इससे पहले खड़गे ने सोमवार को भी पार्टी के तीनों पर्यवेक्षकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा की थी। पर्यवेक्षकों ने नवनिर्वाचित विधायकों की राय के आधार पर उन्हें अपनी रिपोर्ट भी सौंपी थी।
इस बीच, कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जी परमेश्वर ने भी अपनी दावेदारी पेश करते हुए कहा कि अगर पार्टी आलाकमान उन्हें मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देता है, तो वह इसे संभालने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस विधायक दल की रविवार शाम बेंगलुरु के एक निजी होटल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष खड़गे को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया, जो कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।
राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीटें अपने नाम कीं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीटें जीतीं।