Karnataka CM News LIVE: कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस (Congress) में खींचतान जारी है। सीएम पद के दोनों प्रमुख दावेदार सिद्धारमैया (Siddaramaiah) और डीके शिवकुमार (DK Shivakumar) दिल्ली में हैं। माना जा रहा है कि आज यानी बुधवार (17 मई) को पार्टी आलाकमान के साथ उनकी बैठक के बाद कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो जाएगा। सूत्रों का कहना है कि सिद्धारमैया और शिवकुमार दोनों का दावा मजबूत है, इसलिए फैसले में देरी हो रही है। सीएम को लेकर पार्टी में बैठकों का दौर जारी है। माना जा रहा है कि इस पर बुधवार को कोई फैसला आ सकता है। बता दें कि शपथ ग्रहण की तारीख 18 मई तय कर दी गई है, लेकिन अब तक कांग्रेस इस पद के लिए किसी को चुन नहीं सकी है।
खड़गे ने दोनों नेताओं से की मुलाकात
कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए कांग्रेस में मंगलवार को दिनभर गहन मंथन जारी रहा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पहले राहुल गांधी के साथ चर्चा की। फिर सीएम पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे दोनों नेताओं सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार से मुलाकात की। हालांकि, अभी इसको लेकर संशय बना हुआ है कि दक्षिण भारत के इस महत्वपूर्ण राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। वैसे, सिद्धारमैया इस दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि खड़गे के आवास पर बुधवार को भी वरिष्ठ नेताओं की बैठक हो सकती है, जिसमें सहमति बनाने का प्रयास किया जा सकता है।
खड़गे ने कर्नाटक में पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के लिए मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। खड़गे के आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला शामिल हुए। इसके बाद शाम के समय खड़गे ने पहले डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया से अलग-अलग मुलाकात की।
पहले शिवकुमार खड़गे के आवास पर पहुंचे और वहां करीब आधे घंटे तक रहे। उनके जाने के बाद सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की। सिद्धारमैया एक घंटे से अधिक समय तक खरगे के आवास पर रहे। इस मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बात नहीं की। खड़गे से मुलाकात के बाद सिद्धारमैया ने वेणुगोपाल से मुलाकात की। इसके बाद वेणुगोपाल ने खड़गे से चर्चा की।
दोनों नेता हैं सीएम के प्रबल दावेदार
कुरुबा समुदाय से ताल्लकु रखने वाले सिद्धारमैया और वोक्कालिगा समुदाय से आने वाले शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पार्टी के तीनों पर्यवेक्षकों के साथ सोमवार को गहन मंत्रणा की थी, लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका था। खड़गे ने कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुनने के लिए वरिष्ठ नेता सुशील कुमार शिंदे, जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। तीनों पर्यवेक्षकों ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों से अलग-अलग बात कर उनकी राय जानी थी और फिर उन्होंने खड़गे को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी।
कांग्रेस विधायक दल की रविवार शाम बेंगलुरु के एक निजी होटल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष खड़गे को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया, जो कर्नाटक का अगला मुख्यमंत्री बनेगा। बता दें कि राज्य में 224 सदस्यीय विधानसभा के लिए 10 मई को हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल करते हुए 135 सीट अपने नाम कीं, जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा नीत जनता दल (सेक्युलर) ने क्रमश: 66 और 19 सीट जीतीं।