Karnataka Election: कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे प्रियांक खड़गे को चुनाव आयोग का नोटिस, PM मोदी को बताया था 'नालायक बेटा'

Karnataka Election: इसके अलावा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को 'विषकन्या' (Vishakanya) कहने पर चुनाव आयोग ने BJP नेता बासनगौड़ा पाटिल यतनाल को भी नोटिस जारी किया है। चुनाव आयोग की ये कार्रवाई 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक दलों को "चर्चा के गिरते स्तर" पर परामर्श जारी करने के एक दिन बाद आई है

अपडेटेड May 03, 2023 पर 9:35 PM
कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे प्रियांक खड़गे को चुनाव आयोग का नोटिस

भारत के चुनाव आयोग (ECI) ने बुधवार को कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) के बेटे और पार्टी नेता प्रियांक खड़गे (Priyank Kharge) को कर्नाटक चुनाव (Karnataka Assembly Election) के प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को "नालायक बेटा" (Nalayak Beta) कहने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके अलावा कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को 'विषकन्या' (Vishakanya) कहने पर चुनाव आयोग ने BJP नेता बासनगौड़ा पाटिल यतनाल को भी नोटिस जारी किया है।

चुनाव आयोग की ये कार्रवाई 10 मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार के दौरान सभी राजनीतिक दलों को "चर्चा के गिरते स्तर" पर परामर्श जारी करने के एक दिन बाद आई है।

News18 ने दस्तावेजों के हवालों से बताया, आयोग ने कहा कि उसने उल्लंघनों पर ध्यान दिया और उन्हें ये बताने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया कि क्यों न उनके खिलाफ आदर्श आचार संहिता (MCC) के उल्लंघन के लिए गुरुवार शाम 5 बजे तक कार्रवाई शुरू की जाए।


चुनाव आयोग ने कहा, "ऐसा न करने पर उनके खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई शुरू की जाएगी, ये मानते हुए कि उनके पास इस मामले में कहने के लिए कुछ नहीं है।"

चुनाव आयोग ने यतनाल को भेजे अपने नोटिस में कहा कि अलग-अलग मीडिया के जरिए यह पता चला है कि 28 अप्रैल को कोप्पल जिले के यालाबुर्गा में एक चुनावी रैली में भाषण देते हुए, उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सोनिया गांधी पर हमला किया और उन्हें 'विषकन्या' कहा।

Karnataka Election 2023: 'बजरंग बली की जय' के साथ PM मोदी ने शुरू किया भाषण, बोले- कांग्रेस भारत को उल्टी दिशा में ले जा रही

आदेश में ECI ने यतनाल के भाषण के एक हिस्से के हवाला दिया, "उनकी (प्रधानमंत्री की) तुलना नागरा हावु (कोबरा सांप) से की गई है और वे कहते हैं कि वह जहर उगलते हैं। आपकी पार्टी जिसके व्यक्तित्व पर आप नाच रहे हैं, क्या सोनिया गांधी 'विष कन्या' हैं? सोनिया गांधी चीन और पाकिस्तान के एजेंट के रूप में काम करती हैं, जिन्होंने देश को बर्बाद कर दिया है। मणिशंकर अय्यर बयान देते हैं कि नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए चीन और पाकिस्तान को आना चाहिए।"

यतनाल न केवल बीजापुर सिटी सीट से BJP के उम्मीदवार हैं, बल्कि भगवा पार्टी के स्टार प्रचारक भी हैं। ECI ने प्रियांक के उस भाषण का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने 30 अप्रैल को पीएम मोदी को 'नालायक बेटा' कहा था।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल BJP प्रतिनिधिमंडल को लेकर मंगलवार को चुनाव आयोग पहुंचे, जहां उन्होंने प्रियांक के पीएम मोदी को "नालायक बेटा" कहे जाने का मुद्दा उठाया। गोयल ने दावा किया कि कांग्रेस परेशान है, क्योंकि BJP 10 मई के चुनाव जीतने के लिए तैयार है।

कलाबुरगी जिले के चित्तपुर से फिर से चुनाव लड़ रहे प्रियांक ने कहा कि मोदी का बंजारा समुदाय का बेटा होने का दावा करना और उनकी देखभाल करने का वादा करना "झूठा" था, क्योंकि उन्होंने और उनकी पार्टी ने अनुसूचित जाति समुदाय के लिए आरक्षण के बारे में भ्रम पैदा किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।