Karnataka Result 2023: कौन बनेगा का कर्नाटक का CM? कांग्रेस के विधायक दल की पहली मीटिंग आज

Karnataka Result 2023: कांग्रेस के विधायक दल की पहली मीटिंग आज रविवार को शाम करीब 5.30 बजे होगी। पूर्व सीएम सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार दोनों को सीएम की रेस में माना जा रहा है। दोनों को आलाकमान के फैसले का इंतजार है। जल्द ही पार्टी राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश करेगी

अपडेटेड May 14, 2023 पर 9:03 AM
Story continues below Advertisement
कर्नाटक में प्रचंड जीत के बाद राज्य की आम जनता को नए सीएम का इंतजार है

Karnataka Result 2023: कर्नाटक विधान सभा चुनाव में कांग्रेस ने शानदार वापसी की है। दक्षिण भारत में कर्नाटक ही BJP का गढ़ था। जहां से कांग्रेस ने BJP को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। चुनाव नतीजे आने के बाद राज्य में सीएम की कुर्सी को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम आदमी की निगाहें इंतजार कर रही हैं कि आखिर सीएम की कुर्सी पर कौन बैठेंगे। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच रेस मानी जा रही है। 75 साल के सिद्धरमैया 2013 से 2018 तक सीएम के तौर पर राज्य की कमान संभाल चुके हैं। साल 2013 में मल्लिकार्जुन खड़गे को पछाड़ते हुए सिद्धरमैया सीएम बने थे।

कांग्रेस विधायक दल की आज पहली मीटिंग होने वाली है। यह मीटिंग शाम करीब 5.30 बजे होगी। कर्नाटक में कांग्रेस ने 10 साल बाद अपने बल पर वापसी कर रही है।

बैठक में पार्टी आलाकमान के पर्यवेक्षक भी रहेंगे मौजूद


नतीजे आने के बाद से कांग्रेस में सरकार बनाने को लेकर कवायद तेज हो गई। जल्द ही पार्टी राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। रविवार को कांग्रेस ने बेंगलुरु में विधायक दल की मीटिंग बुलाई है। इसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। नतीजों के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने जीते हुए उम्मीदवारों को सीधे बेंगलुरु पहुंचने का आदेश दिया। बाकयदा चॉपर की व्यवस्था की गई। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल की मीटिंग में इस बात पर सहमति बनेगी कि सीएम कौन होना चाहिए। इसके साथ ही कई अन्य अहम मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। बैठक में पार्टी आलाकमान के पर्यवेक्षक भी मौजूद रहेंगे। कहा जा रहा है कि पार्टी सरकार में उपमुख्यमंत्री के दो से तीन पद क्रिएट करने पर विचार कर रही है।

कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने दिया इस्तीफा, हार के बाद राज्यपाल को सौंपा अपना रिजाइन

बेंगलुरु के पास रिजॉर्ट बुक

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने इन्हें बेंगलुरु के पास एक रिजॉर्ट में रखा है। नतीजों के बाद तमाम नेताओं की मल्लिकार्जुन खड़गे के घर मीटिंग हुई। जिसमें सरकार बनाने को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। उधर राहुल गांधी दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर पहुंचे। जहां उन्होंने अपने वर्कर्स से मुलाकात कर जीत की बधाई दी।

कांग्रेस को मिली 136 सीटें

बता दें कि कर्नाटक में BJP के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर पर सवार होकर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा में कांग्रेस को 136 सीटों पर जीत हासिल हुई। 1989 के विधानसभा चुनाव के बाद यह कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत है। उधर BJP 64 सीटों पर ही सिमट गई। JDS को 20 सीटों पर संतोष करना पड़ा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।