Karnataka Election Results LIVE: कर्नाटक विधानसभा चुनाव की सभी 224 सीटों पर रुझान सामने आ चुके हैं, जिसमें कांग्रेस की सरकार बनते दिख रही है। कांग्रेस का जीतना भगवा दल के लिए बड़ा झटका है। रुझानों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिलता दिख रहा है। चुनाव आयोग के मुताबिक, मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व वाली कांग्रेस 133 सीटों पर, जबकि बीजेपी 65 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा के नेतृत्व वाले जद (एस) ने 22 सीटों पर शुरुआती बढ़त हासिल की है। कांग्रेस दफ्तर में जश्न का माहौल है। इस बीच, कर्नाटक चुनाव के रुझानों को देखकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार मीडिया से बात करते हुए भावुक हो गए।
शिवकुमार ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के टीम वर्क को कर्नाटक जीत का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हमेशा उनका साथ दिया। इस दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी का जिक्र कर रोने लगे। डीके शिवकुमार ने कहा, "मैं कभी नहीं भूल सकता जब इन बीजेपी वालों ने मुझे जेल में डाला और सोनिया गांधी मुझसे मिलने जेल आई थीं। मैंने कोई पद लेने की बजाय जेल में रहना चुना। पार्टी को मुझ पर इतना भरोसा था।"
कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि उन्होंने सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी को जीत का आश्वासन दिया था। डीके शिवकुमार ने कहा, "मैं अपने कार्यकर्ताओं और अपनी पार्टी के नेताओं को श्रेय देता हूं जिन्होंने इतनी मेहनत की है, लोगों ने झूठ का पर्दाफाश किया है... मैंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को जीत का आश्वासन दिया था। मैं भूल नहीं सकता जब सोनिया गांधी मुझसे जेल में मिलने आई थी तब मैंने पद पर रहने के बजाय जेल में रहना चुना, पार्टी को मुझपर इतना भरोसा था।"
बता दें कि 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी 104 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। वहीं, कांग्रेस को 80 और जनता दल-सेक्युलर को 37 सीटें मिली थीं। कांग्रेस को 38.04 प्रतिशत वोट मिले थे, इसके बाद बीजेपी ने 36.22 फीसदी मत हासिल किए थे। जनता दल सेक्युलर को 18.36 फीसदी मत मिले थे। कांग्रेस और जनता दल-सेक्युलर के कुछ विधायकों द्वारा गठबंधन सरकार से अपना समर्थन वापस लेने के बाद हालांकि बीजेपी ने सरकार बनाई थी।
न्यूज18 को सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस ने जीतने वाले उम्मीदवारों से हिल्टन होटल पहुंचने को कहा है। साथ ही वह राज्य के निर्दलीय उम्मीदवारों से भी संपर्क में है। फिलहाल, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP), मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन सत्ता की चाबी कांग्रेस के हाथ लगी है।