Get App

Karnataka Polls: कांग्रेस ने घोषणापत्र में PFI से की बजरंग दल की तुलना, 200 यूनिट फ्री बिजली और महिला मुखिया को 2000 रुपए देने का वादा

Karnataka Elections 2023: घोषणापत्र में कांग्रेस ने बजरंग दल की तुलना पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से की है और कहा है कि अगर उन्‍हें सत्‍ता पर काबिज होने का अवसर मिला, तो वे ऐसे नफरत फैलाने वाले संगठनों को बैन करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने कहा कि अगर कर्नाटक में सत्ता में आए तो राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार अपनी शिक्षा नीति बनाएगी

MoneyControl Newsअपडेटेड May 02, 2023 पर 11:51 AM
Karnataka Polls: कांग्रेस ने घोषणापत्र में PFI से की बजरंग दल की तुलना, 200 यूनिट फ्री बिजली और महिला मुखिया को 2000 रुपए देने का वादा
Karnataka Elections 2023: कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में घोषणा की है कि उनकी सरकार 200 यूनिट मुफ्त बिजली देगी। साथ ही परिवार की प्रत्येक महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपए दिए जाएंगे

Karnataka Elections 2023: कांग्रेस ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया, जिसे ‘सर्व जनांगदा शान्तिय तोटा’ नाम दिया गया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में घोषणा की है कि उनकी सरकार 200 यूनिट मुफ्त बिजली देगी। साथ ही परिवार की प्रत्येक महिला मुखिया को हर महीने 2,000 रुपए दिए जाएंगे। बेरोजगार ग्रेजुएट को 2 साल के लिए 3,000 रुपए प्रति माह और बेरोजगार डिप्लोमा धारकों को 1,500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। इसके अलावा नियमित KSRTC/BMTC बसों में सभी महिलाओं के लिए यात्रा मुफ्त की जाएगी।

घोषणापत्र में कांग्रेस ने बजरंग दल की तुलना पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) से की है और कहा है कि अगर उन्‍हें सत्‍ता पर काबिज होने का अवसर मिला, तो वे ऐसे नफरत फैलाने वाले संगठनों को बैन करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने कहा कि अगर कर्नाटक में सत्ता में आए तो राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार अपनी शिक्षा नीति बनाएगी। उन्होंने कहा कि पाठ्यपुस्तकों में बीजेपी ने जो 'छेड़छाड़' की है, उसे ठीक किया जाएगा।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि पीएफआई पर पहले से ही बैन लगा हुआ है। सिद्धारमैया सरकार ने पीएफआई के मामले वापस लिए इसलिए वे कह रहे हैं कि मुसलमानों को खुश करने के लिए वे बजरंग दल पर प्रतिबंध लगा देंगे। कांग्रेस कह रही है कि पीएफआई यह नहीं कह सकता कि हम बदला लेंगे। कांग्रेस का घोषणापत्र पीएफआई और कट्टरपंथी मुस्लिम संगठनों के घोषणापत्र जैसा दिखता है।

‘सर्व जनांगदा शान्तिय तोटा’ का हिंदी में अर्थ ‘सभी लोगों के लिए शांति का बगीचा’ है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 10 मई को और मतगणना 13 मई को होगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार तथा कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया सहित अन्य पार्टी नेताओं की उपस्थिति में घोषणापत्र जारी किया जिसमें गृह ज्योति, गृह लक्ष्मी, अन्न भाग्य, युवा निधि एवं शक्ति की पांच गारंटी दोहराई गई हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें