कर्नाटक चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व CM जगदीश शेट्टार

Karnataka Elections 2023: छह बार के विधायक 67 वर्षीय जगदीश शेट्टार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, केसी वेणूगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में सोमवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी बनाई, उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है

अपडेटेड Apr 17, 2023 पर 10:21 AM
Karnataka Elections 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले इसे बीजेपी के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है

Karnataka Elections 2023: कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और प्रभावशाली लिंगायत नेता जगदीश शेट्टार (Jagadish Shettar) कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले इसे बीजेपी के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताने के बाद असंतुष्ट पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर ने एक दिन पहले रविवार को बीजेपी से इस्तीफा दे दिया था।

छह बार के विधायक 67 वर्षीय जगदीश शेट्टार कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता सिद्धारमैया, केसी वेणूगोपाल, रणदीप सुरजेवाला और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार की मौजूदगी में सोमवार को कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी बनाई, उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है।

जगदीश शेट्टार का कांग्रेस में शामिल होने पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इससे शक्ति भी मिलेगी और एकजुटता भी होगी और यह दर्शता है कि जो वातावरण कर्नाटक में बन रहा है इससे सब लोग खुश हैं और सभी नेता हमसे जुड़ रहे हैं। यह लिंगायत का सवाल नहीं लोग हमारे कार्यक्रम देखकर जुड़ रहे हैं।


उत्तर कर्नाटक के एक प्रभावशाली लिंगायत नेता एवं हुब्बालि-धारवाड़ मध्य सीट से विधायक शेट्टार ने कहा कि कुछ लोगों ने अपने निहित स्वार्थ के चलते इस बार उन्हें चुनाव मैदान में नहीं उतारने की साजिश रची।

शेट्टार ने पत्रकारों से कहा कि आज जो मूल रूप से बीजेपी से हैं उन्हें पार्टी से बाहर किया जा रहा है। आज मैं अपने घर से बाहर हो रहा हूं। मुझे मेरे ही घर से निकाल दिया गया है। इससे मुझे गहरा आघात पहुंचा है। इस पृष्ठभूमि में मैंने विधानसभा से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें समायोजित नहीं करने का कोई कारण नहीं बताया है। शेट्टार ने कहा कि क्या आयु कारक एक कारण था? नहीं। क्या कोई स्वास्थ्य समस्या थी? मेरा स्वास्थ्य अच्छा है। क्या मैं कोई क्लब चलाता था या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल था या क्या मैं उपद्रवी हूं? ऐसा कुछ नहीं था। कोई सीडी (सेक्स स्कैंडल) नहीं था।

पार्टी में अपने योगदान को याद करते हुए, शेट्टार ने कहा कि उन्होंने पिछले 30 सालों से इसे बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम किया। बीजेपी ने भी उन्हें पद और सम्मान दिया। उन्होंने कहा कि मेरे काम की वजह से ग्रामीण इलाकों में पार्टी की मौजूदगी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी मजबूत हुई है।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव से पहले भगवा पार्टी के लिए यह दूसरा बड़ा झटका है। इससे पहले टिकट न मिलने पर पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी ने पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। विधानसभा चुनाव 10 मई को होंगे और मतगणना 13 मई को होगी।

ये भी पढ़ें- Karnataka Election 2023: टिकट न मिलने पर BJP में बढ़े बागियों के तेवर, पूर्व डिप्टी CM समेत 1200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।