Karnataka Polls 2023: कन्नड़ सुपरस्टार किच्चा सुदीप (Kiccha Sudeep) ने बुधवार को कहा कि अगले महीने होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव मैं केवल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए प्रचार करूंगा, लेकिन चुनाव नहीं लड़ूंगा। किच्चा सुदीप के राजनीति में एंट्री करने और कर्नाटक चुनाव से पहले BJP में शामिल होने की चर्चाओं के बीच साउथ एक्टर को कथित तौर पर एक धमकी भरा पत्र मिला है। पुलिस ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एक FIR दर्ज की गई है, जिसने कथित तौर पर एक पत्र जारी कर एक्टर के प्राइवेट वीडियो जारी करने की धमकी दी थी।
अधिकारियों ने कहा कि धमकी भरा पत्र सुदीप के मैनेजर जैक मंजू को मिले हैं। इसके बाद बेंगलुरु के पुत्तनहल्ली पुलिस स्टेशन में एक FIR दर्ज की गई। मंजू ने कहा कि पत्र में सुदीप के खिलाफ अपमानजनक भाषा लिखी गई थी। न्यूज 18 के मुताबिक, बेंगलुरू नगर आयुक्त प्रताप रेड के एक आदेश के बाद धमकी भरे पत्र का मामला अब सेंट्रल क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है।
BJP में शामिल होने की थी अटकले
पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि 'मक्खी' फेम किच्चा सुदीप अगले महीने होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। लोकप्रिय कन्नड़ फिल्म स्टार सुदीप और दर्शन तुगुदीपा के आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने की संभावना थी।
सुदीप ने अब साफ कर दिया है कि वह अगले महीने होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के लिए सिर्फ प्रचार करेंगे। खबरों की मानें तो किच्चा सुदीप कर्नाटक चुनाव में स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी शामिल होंगे। बुधवार को सीएम बसवराज की मौजूदगी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके अपनी राजनीतिक योजनाओं की घोषणा करने की संभावना है।
MLC पद का कर सकते हैं दावा
सुदीप के करीबी सूत्रों का कहना है कि एक्टर विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए प्रचार करने और बाद में MLC पद का दावा करने पर भी विचार कर सकते हैं। संभावना है कि वह अपने करीबी सहयोगी और निर्माता मंजू के लिए विधानसभा का टिकट मांगेंगे।
मध्य कर्नाटक में सुदीप के बड़ी संख्या में फैंस हैं, खासकर एसटी समुदाय के बीच। वह नायक समुदाय से ताल्लुक रखते हैं जो एसटी है। बीजेपी ने 10 मई को होने वाले चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची अभी जारी नहीं की है। सीएम बोम्मई ने कहा है कि संसदीय बोर्ड की 8 अप्रैल को होने वाले बैठक कर बीजेपी उम्मीदवारों की सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
विपक्षी दलों कांग्रेस और जद (एस) ने कर्नाटक चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची पहले ही जारी कर दी है। राज्य में चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। बता दें कि कर्नाटक में एक ही चरण में 10 मई को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और वोटों की गिनती 13 मई को होगी।