शंकर आनंद
शंकर आनंद
"पहले संसद भवन में सवाल -जवाब होता था, हम भी सवाल पूछते थे और जवाब भी देते थे, लेकिन अब वो चीज नहीं देखने को मिल रही है। हलांकी, हम जल्द ही चुनाव भी लड़ेंगे, कानूनी बंदिशें खत्म होने के बाद सक्रिय राजनीति में आएंगे और उसके बाद संसद में सवाल-जवाब भी करेंगे।" ये बयान है भारतीय राजनीति में एक अलग प्रभावशाली राजनेता रहे लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) का, जिन्होंने दिल्ली में News18 के साथ खास बातचीत की।
इस दौरान लालू अपने उस दौर को याद कर रहे थे, जब वह एक सांसद के तौर पर संसद भवन में लगभग हर सत्र में हिस्सा लेते थे। लालू प्रसाद यादव की सेहत फिलहाल बहुत अच्छी नहीं है, लेकिन दिल्ली में अपनी बेटी मीसा भारती के आवास में रहकर, वह AIIMS अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों के निर्देश में स्वास्थ लाभ ले रहे हैं। लालू प्रसाद यादव मंगलवार दोपहर ढाई बजे दिल्ली से पटना के लिए रवाना हो गए। पटना में 10 फरवरी को राष्ट्रीय जनता पार्टी (RJD) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक होनी है, जिसकी अध्यकक्षा खुद लालू प्रसाद यादव करेंगे।
इस बैठक में तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), मीसा भारती (Misa Bharti ), सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता हिस्सा लेगें। इसके साथ ही 15 फरवरी को लालू प्रसाद यादव रांची जाएंगे, जहां कोर्ट की सुनवाई में हिस्सा लेंगे। ऐसा माना जा रहा है की 15 फरवरी को लालू प्रसाद यादव से संबंधित केस में बहुत ही अहम सुनवाई होनी है।
लगता है योगी आदित्यनाथ नर्वस हो गए हैं: लालू
बिहार के भूतपुर्व मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार में कई सालों तक मंत्री रहे लालू प्रसाद यादव ने फिलहाल चुनावी सरगर्मियों के मद्देनजर जिस तरह से कई नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप चल रहा है, उस पर कहा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहुत ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह उनको शोभा नहीं देता है, वो एक राज्य के मुख्यमंत्री हैं। ऐसा लगता है कि वो एकदम नर्वस हो गए हैं, चुनावी प्रचार के दौरान लगता है, अब उनके द्वारा सिर्फ गाली-गलौच ही बाकी रह गया है। ये किसी भी राजनेता के लिए सही नहीं है। हमें तो लगता है ये अभी से ही हार की निराशा है, क्योंकी इस बार पूरे उतर प्रदेश से BJP का सफाया होने वाला है। पूर्ण तौर पर समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी पार्टी की सरकार बनने वाली है।"
तेजस्वी की ताजपोशी को बताया अफवाह
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के मद्देनजर एक संभावना इस बात को भी लेकर चल रही थी कि वक्त की नजाकत को देखते हुए लालू प्रसाद यादव तेजस्वी यादव को पार्टी की कमान सौंप सकते हैं। पिछले काफी समय से पटना में पार्टी कार्यालय में और RJD के कार्यकर्ताओं के बीच यह सुगबुगाहट चल रही थी।
वहीं अब इस मसले को लालू प्रसाद यादव ने साफ तौर पर अफवाह करार देते हुए कहा, "ये एकदम गलत खबर है। हम लोग पार्टी से जुड़े मसले पर चर्चा करने के लिए 10 फरवरी को एक साथ इकट्ठा हो रहे हैं। पार्टी से जुड़ा जो भी फैसला होगा, उसको हमलोग पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकर ही लेगें, फिलहाल ऐसी बातों को ज्यादा तवज्जो नहीं देना चाहिए।"
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।