बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने लारेंस गिरोह से मिली धमकी के बारे में बड़ा खुलासा किया है। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया है कि लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर उन्हें कथित तौर पर जो धमकी मिली थी। वह जेडीयू और पूर्णिया प्रशासन की साजिश थी। जिससे उनकी छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। सांसद के साथ उनको धमकी देने वाला आरोपी रामबाबू यादव भी मौजूद था। जिसने कहा कि दो लाख रुपये की लालच देकर उससे ये काम करने को कहा गया था।
सांसद के साथ मौजूद रामबाबू यादव (कथित रूप से लारेंस बिशनोई के नाम पर धमकी देने वाला व्यक्ति) ने बताया कि राजद नेता हरिकांत सिंह उर्फ चीकू सिंह ने जदयू कार्यालय में प्रवक्ता नीरज कुमार से मिलवाया था। प्रवक्ता नीरज कुमार ने रामबाबू यादव को वीडियो के जरिए सांसद पप्पू यादव को धमकी देने के लिए कहा था। इसके एवज में 2 लाख रुपये देने के लिए कहा था। इसके साथ ही चुनाव लड़ाने का लालच भी दिया था।
रामबाबू यादव ने कहा कि मैं इस गलती के लिए माफी मांगता हूं। रामबाबू ने आगे कहा कि मेरे समाज और लोगों में मेरी थू-थू हो रही है। मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है। मैंने नीरज कुमार जेडीयू प्रवक्ता की बात मान कर गुनाह अपने सिर ले लिया है। जेडीयू कार्यालय बुलाकर सारी बातें कही गईं थीं। मुझे ट्रेनिंग दी गई थी। कहा गया था कि ऐसा ऐसा बोलना है। जेडीयू कार्यालय में जाने आने का सीसीटीवी फुटेज मैं भी होगा। वहीं पप्पू यादव लॉरेंस बिश्नोई धमकी मामले में खुलासा करते हुए कहा कि लॉरेंस बिश्नोई के जरिए मुझे धमकी मिली थी। इसके खिलाफ हमने शिकायत दर्ज कराई थी। मेरा नाम खराब करने के लिए जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने मेरे खिलाफ साजिश रची थी। झूठा बयान दिलाने के लिए मेरे खिलाफ लालच देकर लड़के तैयार किए थे।
दरअसल, रामबाबू ने 1 दिसंबर 2024 को पप्पू यादव के PA को 13 सेकेंड का एक वीडियो भेजा था। वीडियो में 5 से 6 दिन में हत्या की धमकी दी थी। उसने खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के बिहार टीम का सदस्य बताया था। धमकी मिलने के कुछ देर बाद ही पूर्णिया पुलिस ने डुमरिया गांव के रहने वाले रामेश्वर राय का बेटा रामबाबू राय को गिरफ्तार किया था। इसके रामबाबू के परिजनों ने कहा था कि रामबाबू को इतना दिमाग नहीं है कि वो वीडियो बनाकर पप्पू यादव को धमकी देगा। उसने जरूर किसी के कहने पर ऐसा किया होगा।