MP Elections 2023: 'कांग्रेस को भारत की उपलब्धि पसंद नहीं', भोपाल में बोले PM मोदी, पढ़ें- संबोधन की 10 बड़ी बातें
MP Elections 2023: भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति, कुशासन और करोड़ों का भष्टाचार...। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का शासन रहा, लेकिन कांग्रेस ने साधन-संपन्न मध्य प्रदेश को बिमारू बना दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देश का मान बढ़ने पर कांग्रेस को खुशी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत की उपलब्धि पसंद ही नहीं है
MP Elections 2023: पिछले 45 दिनों में प्रधानमंत्री मोदी का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा है
Madhya Pradesh Assembly Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पीएम मोदी ने भोपाल के जंबूरी मैदान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं की एक विशाल सभा 'कार्यकर्ता महाकुंभ' को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश BJP की ओर से 5 अलग-अलग क्षेत्रों से निकाली गई 'जन आशीर्वाद यात्राओं' के समापन समारोह और जनसंघ के सह-संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के उपलक्ष्य में 'कार्यकर्ता महाकुंभ' का आयोजन किया गया था।
पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश में BJP की सरकार को लगभग 20 साल पूरे हो गए हैं, यानी जो युवा इस बार के चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे, उन्होंने BJP की सरकार को ही देखा है। ये युवा सौभाग्यशाली हैं कि इन्होने एमपी में कांग्रेस का वो बुरा शासन, वो बुराइयां देखी नहीं है।
- पीएम मोदी ने कहा कि एमपी में कांग्रेस के शासन की पहचान थी कुनीति , कुशासन और करोड़ों का करप्शन। आजादी के बाद मध्य प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस का ही शासन रहा लेकिन कांग्रेस ने साधन संपन्न मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया।
- पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरूआत करते हुए कहा, "ये जनसैलाब , ये उमंग, ये उत्साह, ये कार्यकर्ता का महाकुम्भ, महासंकल्प बहुत कुछ कहता है। ये दिखाता है कि मध्य प्रदेश के मन में क्या है। ये दिखाता है नई ऊर्जा से भरी हुई BJP... ये दिखाता है BJP का और BJP के हर कार्यकर्ता का बुलंद हौसला.. मेरे परिवारजनों, मध्य प्रदेश को देश का दिल कहा जाता है। पीएम ने कहा कि बीजेपी के साथ देश के इस दिल का जुड़ाव कुछ विशेष ही रहा है। जनसंघ के जमाने से आजतक भाजपा को एमपी के लोगों ने हमेशा भरपूर आशीर्वाद दिया है।"
- पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने समर्थ युवाओं वाले मध्य प्रदेश को बीमारू बना दिया था। यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था को नहीं देखी, सड़कें नहीं देखी, अंधेरे में रहने वाले गांव शहरों को नहीं देखा। हमारी बीजेपी सरकार ने मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया है। इसलिए यहां के युवाओं ने मध्य प्रदेश का विकास ही देखा है। उन्होंने मध्य प्रदेश को अग्रणी गेहूं उत्पादक राज्य के रूप में देखा। उन्होंने मध्य प्रदेश को उभरते शिक्षा के हब के रूप में देखा।
- पीएम मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश से निकले अनेक महान व्यक्तित्वों ने हमे आज यहां तक पहुंचाया है। अनेकों लोगों का तप और त्याग BJP के हर कार्यकर्ता को प्रेरित करता है, इसलिए मध्य प्रदेश सिर्फ BJP के विचार का नहीं बल्कि विकास के विजन का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां के युवाओं ने कांग्रेस के जमाने की खराब कानून व्यवस्था, खस्ताहाल सड़कें, अंधेरे में जीने को मजबूर गांव और गरीब नहीं देखा। अपने हर कार्यकाल में BJP ने मध्य प्रदेश को नई ऊंचाई पर ले जाने का कार्य किया है, यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है।
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाला चुनाव बहुत अहम है, हमें ध्यान रखना है कि विकास का जो रास्ता एमपी के लोगो ने बनाया है, वह विकास की गाड़ी सड़क से उतरे नहीं। उन्होंने कहा कि हम अपने आसपास देख रहे हैं, जब इन्हें राजस्थान में मौका मिला तो कैसे ये बर्बादी लाए, महाराष्ट्र में गठबंधन में शामिल होकर लूट को ही अपना नंबर 1 काम बना दिया। मध्य प्रदेश के विकास के लिए आने वाले साल बहुत महत्वपूर्ण हैं।
- उन्होंने कहा कि ये समय मध्य प्रदेश को विकसित और विकसित भारत बनाने का है। इतने महत्वपूर्ण समय में हजारों करोड़ रूपये का घोटाला और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाली कांग्रेस को जरा भी मौका मिल गया तो मध्य प्रदेश को बहुत बड़ा नुकसान होगा। जहां-जहां कांग्रेस गई, वहां उन्होंने बर्बादी ही की है। यदि कांग्रेस आई तो एक बार फिर एमपी को बीमारू बना देगी। मध्य प्रदेश को कांग्रेस की लूट और तबाही से बचाना है।
- पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ने अपने हर कार्यकाल में मध्य प्रदेश को नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास किया है और इसलिए यहां के युवाओं ने भाजपा का सुशासन ही देखा है। उन्होंने चारों तरफ से विकास करता मध्य प्रदेश ही देखा है। पीएम मोदी ने कहा कि देश का मान बढ़ने पर कांग्रेस को खुशी नहीं होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारत की उपलब्धि पसंद ही नहीं है।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास भविष्य की सोच ही नहीं बची है। कांग्रेस जंग लगा हुआ वह लोहा है जो बारिश में रखे-रखे खत्म हो जाता है। अब कांग्रेस में ना देखने का समार्थ्य है, ना देश को समझने का सामर्थ्य है, इसलिए आप देखेंगे कि कांग्रेस विकसित भारत से जुड़े हर प्रोजेक्ट की आलोचना करती है। कांग्रेस ने डिजिटल इंडिया का विरोध किया, आज भारत के यूपीआई से पूरी दुनिया मंत्रमुग्ध है, लेकिन कांग्रेस को ये भी पसंद नहीं है।
45 दिनों में मध्य प्रदेश का तीसरा दौरा
पिछले 45 दिनों में प्रधानमंत्री मोदी का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा है। सूत्रों के अनुसार BJP ने 'महाकुंभ' कार्यक्रम के लिए 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। इस कार्यक्रम को पार्टी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। BJP द्वारा प्रदेश में चुनावी अभियान के अंतर्गत पांच जन आशीर्वाद यात्राओं का आयोजन किया गया। पहली यात्रा तीन सितंबर को चित्रकूट से निकाली गई, जबकि बाकी यात्राएं नीमच, श्योपुर, मंडला एवं खंडवा से शुरू हुई थीं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने 'अबकी बार 150 पार' का नारा दिया है।
2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 230 में से 114 सीटें जीती थीं। जबकि बीजेपी को 109 पर सीमित कर दिया था जिससे पार्टी सत्ता में आने का मौका चूक गई थी। कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस ने निर्दलीय, बहुजन समाज पार्टी (BSP) और समाजवादी पार्टी (SP) के समर्थन से गठबंधन सरकार बनाई। हालांकि, 15 महीनों के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया (अब केंद्रीय मंत्री) के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों के एक ग्रुप के भाजपा में शामिल होने के कारण यह सरकार गिर गई और मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान की वापसी का मार्ग प्रशस्त हुआ।