महाराष्ट्र में मंत्रियों के विभागों का हुआ बंटवारा, देवेंद्र फडणवीस के पास गृह और वित्त विभाग; जानिए किसे क्या मिला

महाराष्ट्र में सरकार गठन के 40 दिन बाद 9 अगस्त को एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था। BJP और शिंदे गुट के 9-9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन विभागों का बंटवारा नहीं हो पाया था

अपडेटेड Aug 14, 2022 पर 6:43 PM
Story continues below Advertisement
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गृह और वित्त मंत्रालय देखेंगे

महाराष्ट्र (Maharashtra) में मंत्रियों के बीच आखिरकार विभागों का बंटवारा हो गया है। शहरी विकास, पर्यावरण, अल्पसंख्यक, परिवहन, आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को मिली है। वहीं, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गृह और वित्त मंत्रालय देखेंगे। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को राज्य मंत्रिमंडल में नव नियुक्त मंत्रियों के विभागों आवंटन की घोषणा की।

महाराष्ट्र में सरकार गठन के 40 दिन बाद 9 अगस्त को एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिंदे गुट के 9-9 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन विभागों का बंटवारा नहीं हो पाया था।

ये भी पढ़ें- Rakesh Jhunjhunwala के निधन से सोशल मीडिया गमगीन, PM मोदी से लेकर गौतम अडानी तक ने यूं किया याद


मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि फडणवीस गृह और वित्त के अलावा योजना मंत्रालय भी संभालेंगे। वहीं, बीजेपी विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल को नया राजस्व मंत्री बनाए जाने के साथ ही लगता है कि बीजेपी ने सभी महत्वपूर्ण विभागों को अपने कब्जे में ले लिया है। वह पशुपालन और डेयरी विकास विभाग भी संभालेंगे।

वहीं, बीजेपी के गिरीश महाजन नए खेल और युवा कल्याण मंत्री होंगे। साथ ही वह ग्राम विकास और पंचायती राज और चिकित्सा शिक्षा विभाग भी देखेंगे। बीजेपी विधायक विजयकुमार गावित आदिवासी विकास संभालेंगे। इसके अलावा बीजेपी के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को वन मंत्री बनाया गया है।

शिवसेना के बागी विधायक तानाजी सावंत राज्य के नए स्वास्थ्य मंत्री होंगे। शिवसेना के अन्य विधायकों अब्दुल सत्तार और दीपक केसरकर को क्रमशः कृषि और स्कूली शिक्षा विभाग आवंटित किए गए हैं। शिवसेना विधायक उदय सामंत नए उद्योग मंत्री होंगे।

41 दिन बाद हुआ था मंत्रिमंडल का विस्तार

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के 41 दिन बाद एकनाथ शिंदे ने 9 अगस्त को अपने दो सदस्यीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया था। शिवसेना के बागी गुट और भारतीय जनता पार्टी के 9-9 सदस्यों को इसमें जगह दी गई है।

मंत्रिमंडल में किसी भी महिला को शामिल नहीं किया गया है, जिसकी नेताओं और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने आलोचना की है। राज्य में बीजेपी की 12 महिला विधायक हैं। शिंदे गुट में दो महिला विधायक हैं। साथ उसे एक निर्दलीय महिला विधायक का समर्थन भी हासिल है। महाराष्ट्र में कुल 28 महिला विधायक हैं।

18 मंत्रियों के मंत्रालय इस प्रकार हैं:-

- राधाकृष्णा विखे पाटिल- राजस्व, पशुपालन और डेयरी विकास

- सुधीर मुनगंटीवार- वन, सांस्कृतिक गतिविधियां और मत्स्य पालन

- चंद्रकांत पाटिल- उच्च और तकनीकी शिक्षा, कपड़ा उद्योग और संसदीय कार्य

- डॉ विजयकुमार गावित - आदिवासी विकास

- गिरीश महाजन- ग्राम विकास एवं पंचायती राज, चिकित्सा शिक्षा, खेलकूद एवं युवा कल्याण

- गुलाबराव पाटिल- जल आपूर्ति और स्वच्छता

- दादा भूसे- बंदरगाह और खदान

- संजय राठौर - खाद्य एवं औषधि प्रशासन

- सुरेश खाड़े- लेबर मंत्रालय

- संदीपन भुमरे- रोजगार गारंटी योजना और बागवानी

- उदय सामंत- उद्योग

- तानाजी सावंत- सार्वजनिक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण

- रवींद्र चव्हाण- लोक निर्माण (सार्वजनिक उद्यमों को छोड़कर), खाद्य और नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण

- अब्दुल सत्तार- कृषि

- दीपक केसरकर- स्कूली शिक्षा और मराठी भाषा

- अतुल सावे- सहकारिता, अन्य पिछड़ा वर्ग और बहुजन कल्याण

- शंभूराज देसाई- राज्य उत्पाद शुल्क

- मंगल प्रभात लोढ़ा- पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता, महिला और बाल विकास

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।