राज ठाकरे के अल्टीमेटम के बाद उद्धव सरकार का बड़ा फैसला, अब धार्मिक स्थलों पर इजाजत के बाद ही लगेंगे लाउडस्पीकर

महाराष्ट्र के गृह विभाग ने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर पहले के अदालती आदेशों को लागू करने का फैसला किया है

अपडेटेड Apr 18, 2022 पर 12:49 PM
राज ठाकरे ने 3 मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए अल्टीमेटम दिया है

महाराष्ट्र में अजान और हनुमान चालीसा पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) और उद्धव सरकार में जारी तनातनी के बीच एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। नए आदेश के मुताबिक, महाराष्ट्र में अब धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर (Loudspeaker) लगाने से पहले राज्य सरकार से अनुमति लेना जरूरी होगा।

महाराष्ट्र के गृह विभाग ने धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू करने का फैसला किया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, महाराष्ट्र के गृह मंत्रालय ने एक आदेश में कहा है कि किसी भी धार्मिक स्थल पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल के लिए अब प्रशासन से इजाजत लेनी होगी।

बिना इजाजत लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर होगी कार्रवाई


आदेश में कहा गया है कि बिना इजाजत लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करने पर कानूनी कार्रवाई होगी। इस बीच आज इस मुद्दे को लेकर गृहमंत्री दिलीप वालसे पाटिल (Dilip Walse Patil) और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के बीच एक अहम बैठक होने जा रहा है।

राज ठाकरे के अल्टीमेटम के बाद आया फैसला

आपको बता दें कि महाविकास अघाड़ी सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब MNS प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) ने मस्जिदों में अजान के लिए लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है। राज ठाकरे ने 3 मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने 3 मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर नहीं हटने की स्थिति में हिंदू भाइयों को 'तैयार रहने' के लिए कहा था।

ये भी पढ़ें- Weather Updates: आज दिनभर भीषण गर्मी झेलने को तैयार रहें दिल्लीवासी, इन राज्यों में 42 डिग्री सेल्सियस के ऊपर रहेगा तापमान

राज ठाकरे ने रविवार को कहा कि वह भगवान राम के दर्शन करने के लिए पांच जून को अयोध्या जाएंगे। पीटीआई के मुताबिक साथ ही, उन्होंने कहा कि अगर तीन मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर नहीं उतारे गए तो 'हिंदू भाई' तैयार रहें।

ठाकरे के कहा कि अजान के लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल धार्मिक के बजाय सामाजिक मुद्दा अधिक है। मनसे प्रमुख ने कहा कि वह नहीं चाहते कि समाज की शांति भंग हो, लेकिन अगर लाउडस्पीकर का इस्तेमाल जारी रहा तो उन्हें (मुसलमान) भी हमारी प्रार्थनाएं लाउडस्पीकर पर सुननी पड़ेंगी।

3 मई तक के लिए दिया है अल्टीमेटम

राज ठाकरे ने अपनी मांग दोहराई कि तीन मई तक मस्जिदों पर लगे लाउडस्पीकर हटा दिए जाएं, वरना मनसे मस्जिदों के बाहर लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाएगी। मनसे प्रमुख ने कहा कि लोग सोचते हैं कि मस्जिद के ऊपर लाउडस्पीकर का बजना एक धार्मिक मुद्दा है, लेकिन यह एक सामाजिक मामला है। अगर आप दिन में पांच बार लाउडस्पीकर बजाना चाहते हैं तो हम मस्जिद के बाहर पांच बार हनुमान चालीसा बजाएंगे।

उन्होंने कहा कि मैं सभी हिंदू भाइयों से अपील करता हूं कि वे तैयार रहें। हम तीन मई तक इंतजार करेंगे, जब रमजान समाप्त होगा, लेकिन अगर वे इसे बंद नहीं करते, और अगर वे समझते हैं कि उनका धर्म न्यायपालिका से बड़ा है, तो हम जैसे को तैसा करेंगे। मनसे इसके लिए तैयारी कर रही है। ठाकरे ने कहा कि मनसे कभी नहीं चाहती कि देश में सांप्रदायिक दंगे हों या शांति भंग हो। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय को मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग को मानवीय पहलू से देखना चाहिए।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।