पश्चिम बंगाल (West Bengal) की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने सोमवार को कहा कि सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को दोबारा BCCI अध्यक्ष नहीं बनाने और जय शाह को सचिव के रूप में एक और कार्यकाल देने पर काफी हैरानी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध करेंगी कि वह पूर्व भारतीय कप्तान को ICC अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ने की अनुमति दे।
उत्तर बंगाल के दौरे पर जाने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए ममता ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह, करेंगी ताकि गांगुली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की अनुमति मिले।
उन्होंने कहा, "सौरव ने खुद को एक काबिल प्रशासक के तौर पर साबित किया है और BCCI के अध्यक्ष पद से उन्हें हटाये जाने से मैं हैरान हूं। यह उनके साथ अन्याय है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री से आग्रह करूंगी कि वह यह सुनिश्चित करें कि गांगुली को आईसीसी प्रमुख पद का चुनाव लड़ने की अनुमति मिले।" ममता ने कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
बनर्जी सोमवार को चार दिवसीय दौरे पर उत्तर बंगाल गईं। उन्होंने आगे कहा, "हमें नहीं पता कि फिर कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें क्यों हटा दिया गया और अमितबाबू के बेटे (अमित शाह के बेटे, जय शाह) वहीं रह गए। हमें उनके BCCI सचिव बने रहने से कोई समस्या नहीं है, लेकिन हम जानना चाहते हैं कि सौरव को BCCI अध्यक्ष के पद से क्यों हटाया गया।"
उन्होंने आगे कहा, "यह मेरा विनम्र निवेदन है और प्रधानमंत्री से अनुरोध है कि उन्हें ICC में चुनाव लड़ने की अनुमति दी जाए। उन्हें इससे वंचित किया जा रहा है। उनका क्या दोष है?”
इससे पहले, जब गांगुली को BCCI से हटाया गया था, तब बंगाल के TMC, कांग्रेस और CPI(M) नेताओं ने फैसले के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पूर्व भारतीय कप्तान BJP को न कहने की कीमत चुका रहे हैं।