Manipur Exit Poll Results 2022: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बन सकती है। जी और डिजाइनबॉक्स के संयुक्त एग्जिट पोल के मुताबिक, 60 विधानसभा सीटों वाली मणिपुर में बीजेपी को 32-38 सीटें मिल सकती हैं और वह आराम से बहुमत के आंकड़े के साथ उसके पास सत्ता बरकरार रह सकती है।
एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस (Congress) मणिपुर में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। हालांकि उसके और सत्ताधारी बीजेपी के बीच सीटों का काफी फासला रह सकता है। पोल के मुताबिक कांग्रेस को मणिपुर में 12-17 सीटें मिल सकती हैं। वहीं नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) को 2-4 सीटें और अन्य को 2 से 5 सीटें मिलती हुई दिखाई गई हैं।
मणिपुर में 28 फरवरी और 5 मार्च को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हुए थे। चुनाव के दिन हिंसा की कई खबरे आने के बावजूद इस राज्य में 76.04 फीसदी मतदान देखने को मिला।
मणिपुर को कभी पूर्वोत्तर में कांग्रेस का गढ़ कहा जाता था। हालांकि 2017 में बीजेपी ने यहां सेंध लगाते हुए पहली बार अपनी सरकार बनाने में कामयाबी पाई। इससे पहले ओकराम इबोली सिंह ने लगातार 15 साल मुख्यमंत्री के तौर पर कांग्रेस सरकार की अगुआई की थी। 2017 में उन्हें फुटबॉल से राजनीति में आए बीजेपी नेता एन बिरेन सिंह ने हटाकर राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली।
हालांकि 2017 में मणिपुर में सरकार बनने की प्रक्रिया भी काफी दिलचस्प रही थी। राज्य में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था। हालांकि कांग्रेस 28 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और उसे सरकार चलाने के लिए सिर्फ 3 विधायकों के समर्थन की जरूरत थी।
वहीं बीजेपी और चुनाव पूर्व उसके सहयोगियों को 2017 चुनाव में 21 सीटें मिली थी। हालांकि बाद में ऐसा हुआ कि कांग्रेस 3 अतिरिक्त विधायकों का समर्थन नहीं जुटा सकी और बीजेपी के अगुआई वाले गठबंधन ने बाकी अन्य विधायकों के साथ चुनाव बाद गठबंधन सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। इस तरह 15 सालों बाद मणिपुर में कांग्रेस का शासन खत्म हुआ और मणिपुर में बीजेपी की सरकार बनी।
खैर, इस बार चुनाव की अंतिम नतीजे तो 10 मार्च को ही आएंगे, जब ईवीएम में बंद वोटों की गिनती शुरू होगी। इस बीच बीजेपी और कांग्रेस दोनों के नेताओं ने मणिपुर में अपनी पार्टी के सरकार आने का पूरा भरोसा जताया है।