मनीष सिसोदिया गिरफ्तार: 'दिल्ली के डिप्टी CM ने एक दिन में बदले 3 फोन, दूसरे नामों से खरीदे सेल फोन', CBI के सूत्रों का दावा

CBI जांच से जुड़े सूत्र के मुताबिक, उन्होंने 18 फोन और चार नंबर तक इस्तेमाल किए। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने एक ही दिन में तीन फोन बदले और वह एक जैसे नंबरों का ही इस्तेमाल कर रहे थे। CBI के एक सूत्र ने दावा किया है कि जांच एजेंसी ने कुछ Whatsapp चैट रिकवर किए हैं, जो इस ओर इशारा करता है कि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़ी डिटेल कुछ बिजनेसमैन के साथ "पहले ही" शेयर की गई थीं, जो कि नियमों के खिलाफ था

अपडेटेड Feb 27, 2023 पर 10:14 AM
Story continues below Advertisement
मनीष सिसोदिया गिरफ्तार: 'दिल्ली के डिप्टी CM ने एक दिन में बदले 3 फोन

दिल्ली (Delhi) के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) सोमवार को अदालत में पेश करेगी। CBI ने सिसोदिया को दिल्ली की आबकारी नीति 2021-22 (Delhi Excise Policy Scam) को बनाने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में गिरफ्तार किया है। हालांकि, ये नीति अब खत्म की जा चुकी है। इस बीच News18 ने CBI के सूत्रों के हवाले से बताया कि मनीष सिसोदिया ने कई फोन नंबर और फोन इस्तेमाल किए थे। CBI जांच से जुड़े सूत्र के मुताबिक, उन्होंने 18 फोन और चार नंबर तक इस्तेमाल किए। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने एक ही दिन में तीन फोन बदले और वह एक जैसे नंबरों का ही इस्तेमाल कर रहे थे।

इसके अलावा CBI के एक सूत्र ने दावा किया है कि जांच एजेंसी ने कुछ Whatsapp चैट रिकवर किए हैं, जो इस ओर इशारा करता है कि दिल्ली आबकारी नीति से जुड़ी डिटेल कुछ बिजनेसमैन के साथ "पहले ही" शेयर की गई थीं, जो कि नियमों के खिलाफ था।

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की तरफ से रविवार को एक दिन की पूछताछ के बाद आबकारी नीति घोटाले के सिलसिले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किए जाने के घंटों बाद ये ताजा जानकारी सामने आई है।


सूत्र ने दावा किया कि चैट के अलावा एक नौकरशाह ने सिसोदिया के खिलाफ उनका बयान भी रिकॉर्ड किया था। CBI ने ये भी आरोप लगाया कि सिसोदिया ने सबूत नष्ट कर दिए हैं।

CBI और ED की चार्जशीट में आरोपी नहीं सिसोदिया

News18 के अनुसार, सूत्रों ने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी चार्जशीट में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के नाम का जिक्र भले ही किया है, लेकिन उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है।

CBI सूत्रों ने आरोप लगाया कि सिसोदिया ने कथित तौर पर किसी और के नाम पर 11 सेल फोन खरीदे और उन्हें इस्तेमाल करने के बाद नष्ट कर दिया।

सूत्र के अनुसार, एजेंसी ने "पर्याप्त सबूत होने के बाद", सिसोदिया को IPC की धारा 477-A (खातों में हेरफेर) और 120-B (आपराधिक साजिश) के तहत गिरफ्तार करने का फैसला किया।

CBI के सूत्रों ने ये भी दावा किया है कि दिल्ली के एक नौकरशाह सिसोदिया के खिलाफ हो गए हैं और गवाह के रूप में CrPC की धारा 164 के तहत उनका बयान दर्ज किया है और ये उनके केस के लिए काफी अहम सुराग है।

CBI दफ्तर पहुंचने से पहले पत्नी का जिक्र कर भावुक हुए मनीष सिसोदिया, कार्यकर्ताओं से की ये अपील

अधिकारियों ने बताया कि हवालात में रात गुजारने वाले AAP नेता का आज एक सरकारी डॉक्टर रेगुलर मेडिकल टेस्ट भी करेंगे।

इससे पहले रविवार रात को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मनीष सिसोदिया के घर पर उनकी पत्नी से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

केजरीवाल ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद उनके आवास पर उनकी पत्नी से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से कहा, "मनीष सिसोदिया को पूरी तरह झूठे मामले में गिरफ्तार किया गया है। मनीष जी सज्जन व्यक्ति, देशभक्त होने के साथ ही ईमानदार और बहादुर व्यक्ति हैं, जो हर दम देश की सेवा में लगे रहे।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।