MP Election 2023: मध्य प्रदेश (MP) में चुनावी माहौल अपने चरम पर है। बीजेपी और कांग्रेस (Congress) दोनों ही ओर से जमकर बयानबाजी भी हो रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने बुधवार को विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे राज्य में जनता के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। वो विधानसभा चुनाव की दौड़ में कहीं नहीं है। उनको इस बयान के बाद गुरुवार को कांग्रेस नेता कमलनाथ (Kamal Nath) ने भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग बीजेपी सरकार को हटाने के लिए आतुर हैं।
दरअसल मुख्यमंत्री शिवराज ने कमलनाथ के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तरफ से शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को रोकने का भी आरोप लगाया।
सत्तारूढ़ BJP ने चुनाव से पहले मतदाताओं तक पहुंचने के लिए 3 सितंबर से 'जन आशीर्वाद यात्रा' शुरू की है, जबकि कांग्रेस ने मंगलवार को 'जन आक्रोश यात्रा' शुरू की, जिसमें दावा किया गया कि वर्तमान भगवा शासन के खिलाफ जनता में गुस्सा है।
चौहान ने इंदौर में BJP की 'जन आशीर्वाद यात्रा' में भाग लेते हुए PTI से कहा, “कांग्रेस दौड़ में कहीं नहीं है। इसे केवल जनता के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है।"
कांग्रेस की 'जन आक्रोश यात्रा' पर सीएम चौहान ने कहा, "वे (कांग्रेस) कई ऐसे काम करते हैं, जो हम पहले ही कर चुके हैं, लेकिन उनका एकमात्र मकसद वोट हासिल करना है, जबकि हम जनता की सेवा करते हैं। जनता इनका असली चेहरा जानती है।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में 230 सीटों पर BJP रिकॉर्ड मतों से जीतेगी।
वहीं इससे पहले, इंदौर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए, चौहान ने आरोप लगाया कि पिछली कमल नाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने BJP शासन के दौरान शुरू की गई, अलग-अलग जन कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन को रोक दिया था।
हर दिन एक नया घोटाला सामने आता है: कमलनाथ
दूसरी तरफ मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश के लोग भारतीय जनता पार्टी सरकार को हटाने के लिए आतुर हैं। कमलनाथ ने पाटन में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है और हर दिन एक नया घोटाला सामने आता है।
उन्होंने आरोप लगाया, "मध्यप्रदेश के लोग वास्तव में शिवराज सिंह चौहान सरकार को हटाने के लिए अधीर हैं। लोग या तो भ्रष्टाचार देख रहे हैं या इसके शिकार हो रहे हैं।"
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि चौहान साल के आखिर में होने वाले राज्य चुनावों से पहले नौटंकी कर रहे हैं और बिना सोचे-समझे घोषणाएं कर रहे हैं । उन्हें ऐसा लगता है कि वह अगले पांच साल के लिए मुख्यमंत्री रहेंगे।
उन्होंने कहा, "एक करोड़ युवा बेरोजगार हैं और ये सबसे बड़ी चुनौती है, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है।"
कांग्रेस नियमित रूप से भारतीय जनता पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार और राज्य में '50 प्रतिशत कमीशन राज' के अस्तित्व के आरोपों के साथ हमला करती रही है।