Get App

मुंबई में आज गेटवे ऑफ इंडिया रहेगा बंद, पर्यटक नहीं कर पाएंगे दीदार, ये है बड़ी वजह

MVA Protest in Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पर्यटक आज (रविवार) गेटवे ऑफ इंडिया का दीदार नहीं कर पाएंगे। मुंबई पुलिस ने इस मामले में आदेश जारी कर दिया है। इसकी वजह ये है कि महाविकास आघाड़ी ने रविवार (01 सितंबर) को आंदोलन का ऐलान किया है। ऐसे में सुरक्षा को देखते हुए इसे बंद करने का फैसला किया गया है

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 01, 2024 पर 9:56 AM
मुंबई में आज गेटवे ऑफ इंडिया रहेगा बंद, पर्यटक नहीं कर पाएंगे दीदार, ये है बड़ी वजह
Gateway of India closed on Sunday: छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिरने के विरोध में आंदोलन हुतात्मा चौक से गेटवे ऑफ इंडिया तक होगा।

छत्रपति शिवाजी महाराज की मूर्ति गिराए जाने का मामला तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस बीच महाविकास अघाड़ी (MVA) ने आज (1 सितंबर 2024) को ‘जूता मारो‘ आंदोलन का ऐलान किया है। हालांकि इस आंदोलन को पुलिस से मंजूरी नहीं मिली है। इसके बावजूद आंदोलन का ऐलान किया गया है। यह आंदोलन हुतात्मा चौक से गेटवे ऑफ इंडिया तक जाएगा। ऐसे में एहतियात के तौर पर मुंबई पुलिस ने आज (रविवार) को पर्यटकों के लिए गेटवे ऑफ इंडिया को बंद करने के निर्देश दिए हैं। गेटवे ऑफ इंडिया सुबह 10 बजे से पर्यटकों के लिए नहीं खुलेगा।

उद्धव ठाकरे ने कहा है कि, शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने की घटना के विरोध में महाविकास आघाडी एक सितंबर को मुंबई में मार्च निकालेगा। रैली में शरद पवार, उद्धव ठाकरे और नाना पटोले जैसे बड़े नेता शामिल होंगे। यह रैली सुबह 10 बजे शुरू होगी। राजकोट किले में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरने पर यह आंदोलन किया जा रहा है। महाविकास अघाड़ी ने इसमें भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

रविवार को गेटवे ऑफ इंडिया रहेगा बंद

आंदोलन को देखते हुए मुंबई सतर्क है। किसी भी तरह की अनहोनी से निपटने के लिए गेटवे ऑफ इंडिया में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ऐसे में एक दिन के लिए ये ऐतिहासिक स्थल पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें कि मुंबई आने वाला हर पर्यटक गेटवे ऑफ इंडिया देखे बिना वापस नहीं जा सकता है। ये स्थल मुंबई टूरिज्म का सबसे बड़ा हिस्सा है। यहां रोजाना हजारों लोग आते हैं। रविवार को छुट्टी होने की वजह से भीड़ दोगुना हो जाती है। हालांकि इस बार 1 सितंबर रविवार के लिए गेटवे ऑफ इंडिया को पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है। ऐसे में पर्यटक मायूस हो सकते हैं।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें