Nafe Singh Rathi Murder Case: हरियाणा के झज्जर में सरेमाम गोली मारकर हत्या किए गए इंडियन नेशनल लोक दल (INLD) के प्रदेश प्रमुख नफे सिंह राठी (Nafe Singh Rathi) के परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक उनके शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। सोमवार को ANI से बात करते हुए नफे सिंह राठी के बेटे जितेंद्र राठी ने कहा, "जब तक पुलिस मेरे पिता के हत्यारों को नहीं पकड़ लेती, हम पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे। मुझे संदेह है कि मेरे पिता की हत्या में स्थानीय बीजेपी नेताओं का हाथ है।" उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई अनुरोधों के बावजूद उनके परिवार को सुरक्षा देने से इनकार कर दिया।
जितेंद्र राठी ने कहा, "पुलिस प्रशासन चुप बैठा है। मेरे परिवार और मुझे सुरक्षा नहीं मिल रही है। मेरे पिता पांच साल से सुरक्षा की मांग कर रहे थे। मेरे पिता एक राष्ट्रीय नेता थे। उनकी हत्या से पहले सभी राजनीतिक दलों को मेरे पिता का समर्थन करना चाहिए था।" नफे सिंह राठी के भतीजे कपूर राठी ने भी इस मांग को दोहराते हुए कहा, "जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते, हम पोस्टमॉर्टम नहीं कराएंगे।"
इस बीच, हरियाणा पुलिस ने मामले के संबंध में 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। झज्जर के डीएसपी शमशेर सिंह ने कहा, "हमने प्राप्त शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए 2 डीएसपी की अगुवाई में पांच टीमें गठित की गई हैं। जांच चल रही है। हम भौतिक और वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हम सभी CCTV कैमरों से सबूत इकट्ठा कर रहे हैं और संदिग्ध वाहन की भी जांच कर रहे हैं।"
INLD के हरियाणा प्रमुख नफे सिंह राठी की रविवार (25 फरवरी) को झज्जर के बहादुरगढ़ में रेलवे क्रॉसिंग के पास कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, बदमाश कार में सवार होकर आए थे और उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग कर नफे सिंह और एक पार्टी कार्यकर्ता की हत्या कर दी।
घटना के बाद, INLD (इंडियन नेशनल लोक दल) नेता अभय चौटाला ने हत्या के लिए मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से गहन जांच की मांग की।
चौटाला ने सरकार की मंशा पर भी संदेह जताया और कहा, "सरकार लॉरेंस गैंग का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। लेकिन अगर ऐसा है, तो खतरे की स्वीकृति के बावजूद कोई सुरक्षा क्यों नहीं प्रदान की गई?"