Presidential Polls: राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) ने शुक्रवार को संसद भवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कैबिनेट मंत्रियों और BJP एवं NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया।
एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मुर्मू गुरुवार को दिल्ली पहुंचीं। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एक ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं।
पीएम मोदी के अलावा मुर्मू ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई अन्य नेताओं से भी नई दिल्ली में मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।
पीएम मोदी ने गुरुवार को तस्वीरों के साथ ट्वीट कर कहा, ‘द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का देश भर में और समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है।’
वहीं, अमित शाह ने तस्वीरों के साथ ट्वीट कर लिखा, "NDA के राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी से भेंट कर उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज अत्यंत गौरव की अनुभूति कर रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक व सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा।"
द्रौपदी मुर्मू ने सभी से मांगा समर्थन
द्रौपदी मुर्मू ने सभी से उनका साथ देने की अपील करते हुए गुरुवार को कहा कि वह 18 जुलाई से पहले सभी मतदाताओं से मिलकर उनका समर्थन मांगेंगी। मुर्मू भुवनेश्वर के बीजू पटनायक इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुरुवार सुबह विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुईं। वहां एक जनजातीय नृत्य का आयोजन किया गया था, बड़ी संख्या में उनके मित्र एवं शुभचिंतक उन्हें विदा करने के लिए एयरपोर्ट पर जुटे हुए थे।
झारखंड की पूर्व राज्यपाल मुर्मू ने रमा देवी वीमेंस कॉलेज से ग्रेजुएट की पढ़ाई की, जो अब विश्वविद्यालय है। मुर्मू ने ग्रेजुएट की पढ़ाई पूरी करने के बाद ओडिशा के सिंचाई विभाग में काम भी किया।