बिहार के विधानसभा चुनाव में नया समीकरण बनता नजर आ रहा है। NDA से अलग होकर लोक जनशक्ति पार्टी अकेले चुनाव लड़ रही है और लगातार नीतीश कुमार पर हमलावर है। इस बीच आज LJP के सांसद प्रिंस राज RJD के नेता तेजस्वी यादव से मिलने पहुंचे। तेजस्वी ने रवाना होने से पहले उनसे मुलाकात की। LJP नेता की ओर से तेजस्वी यादव को दिवंगत नेता राम विलास पासवान की याद में होने वाले ब्रह्मभोज का निमंत्रण दिया। हाल ही में तेजस्वी यादव ने भी चिराग पासवान के समर्थन में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार ने चिराग पासवान के साथ सही व्यवहार नहीं किया। वहीं दूसरी ओर चिराग खुद तेजस्वी को अपना छोटा भाई बता चुके हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर लोजपा अध्यक्ष चिराग पासवान बुधवार को अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी करेंगे। उसी दिन से उनका चुनावी दौरा भी शुरू होगा। मंगलवार को पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान का श्राद्धकर्म है। इसके अगले दिन से चिराग क्षेत्र में निकलेंगे।

वहीं आज बिहार के चुनावी समर में प्रचार करने के लिए यूपी के मुख्यमंत्री उतरे। उन्होंने नीतीश सरकार की तारीफ की। इसके साथ ही तेजस्वी और विपक्ष के गठबंधन पर जोर का निशाना साधा।

राहुल की कमलनाथ को फटकार

इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी ने कमलनाथ के बयान पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। कमलनाथ ने एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज कैबिनेट में मंत्री इमरती देवी को आइटम कहा था। राहुल गांधी ने कहा कि वो व्‍यक्तिगत तौर पर ऐसी भाषा को पसंद नहीं करते, फिर चाहे वो कोई भी क्‍यों ना हो। ये दुर्भाग्‍यपूर्ण है।

कमल नाथ पर बरसीं इमरती देवी

इधर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने इमरती देवी पर दिए अपने बयान पर खेद जताया है, जिस पर इमरती देवी ने कहा कि अगर कमल नाथ वाकई अपने बयान पर दुखी हैं तो वो मंच से अपने विवादास्पद बयान पर माफी मांगें। उन्होंने सोनिया गांधी से भी कहा कि वो मध्य प्रदेश में ऐसे लोगों को ना भेजें जो महिलाओं का अपमान करते हों।


सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।