No-Confidence Motion Debate LIVE Update: कांग्रेस आज यानी मंगलवार को लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। इस पर चर्चा की शुरुआत कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) द्वारा शुरू किए जाने की संभावना है, जिनकी सदन की सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई है। हालांकि, यह प्रस्ताव 8 अगस्त की कार्य सूची के अनुसार कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई द्वारा पेश किया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, एक बार प्रस्ताव स्वीकार हो जाने के बाद यह तय करना पार्टी का विवेक है कि चर्चा शुरू करने के लिए मुख्य वक्ता कौन हो सकता है। बताया जा रहा है कि लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस की ओर से बहस की शुरूआत राहुल गांधी करेंगे। फिर गौरव गोगोई, मनीष तिवारी और दीपक बैज बोलेंगे।
नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव आज प्रधानमंत्री की अनुपस्थिति में संसद में आएगा। अविश्वास प्रस्ताव से पहले बीजेपी ने मंगलवार को अपने संसदीय दल की बैठक बुलाई है। 20 जुलाई से शुरू हुआ सत्र विपक्ष के विरोध के कारण लगातार बाधित हो रहा है। सरकार की लंबी सूची के कुछ ही बिल पास हो पाए हैं। सदन में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मंगलवार को चर्चा शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को चर्चा का जवाब दे सकते हैं।
ये केंद्रीय मंत्री देंगे जवाब
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 'मोदी सरनेम' वाली टिप्पणी से संबंधित मानहानि के मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के तीन दिन बाद उनकी लोकसभा सदस्यता सोमवार को बहाल कर दी गई। लोकसभा में सरकार के खिलाफ लाये गए विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव पर मंगलवार से शुरू हो रही चर्चा से पहले राहुल गांधी की सदस्यता की बहाली विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) के हौसले को बढ़ाने वाली है। यह पूछे जाने पर कि क्या मंगलवार को राहुल गांधी सदन में बोलेंगे, तो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "जरूर बोलेंगे।" बहस के दौरान पांच मंत्री अमित शाह, निर्मला सीतारमण, स्मृति ईरानी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और किरन रिजिजू बोलेंगे। इसके अलावा चर्चा में बीजेपी के पांच अन्य सांसद भी हिस्सा लेंगे।
10 को पीएम मोदी देंगे जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे सकते हैं। हालांकि, 9 और 10 अगस्त के कामकाज के एजेंडे की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। कांग्रेस के भीतर यह महसूस किया जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्य वक्ता के रूप में राहुल गांधी के साथ चर्चा शुरू करने से वांछित प्रभाव पड़ेगा और सरकार पर दबाव बनेगा।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा 4 अगस्त को मानहानि मामले में गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद, कांग्रेस चाहती थी कि उनकी लोकसभा सदस्यता जल्द से जल्द बहाल हो, ताकि वह 8 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग ले सकें। सूत्रों ने कहा कि 7 अगस्त को उनकी सदस्यता बहाल होने के बाद, कांग्रेस अब उत्सुक है कि गांधी अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा शुरू करें।