UP Elections 2022: ओपी राजभर बोले- 'हमारी सरकार बनने पर बाइक पर 3 लोगों के बैठने पर नहीं होगा चालान', मतदाताओं को लुभाने के लिए दिया अजीबोगरीब तर्क

राजभर ने नियम-कानून को पीछे छोड़ते हुए यहां तक कह दिया कि जब ट्रेन में अधिक सवारी चलने पर चालान नहीं कटता तो फिर दोपहिया पर क्यों? उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में बाइक पर तीन सवारी फ्री रहेगी

अपडेटेड Feb 09, 2022 पर 5:51 PM
राजभर ने तर्क दिया कि एक ट्रेन में 70 सीटों पर 300 यात्री सफर करते हैं, लेकिन चालान नहीं होता है वहीं अगर 3 लोग बाइक चलाते हैं तो चालान क्यों होता है?

UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के संस्थापक और अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी गठबनंधन की सरकार बनने पर बाइक पर तीन सवारी फ्री करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यूपी में गठबंधन पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज कर रहा है।

अपने बड़बोलेपन के लिए पहचाने जाने वाले राजभर ने कहा है कि जब एक ट्रेन में 70 सीटों पर 300 यात्री सफर करते हैं, तो चालान नहीं होता है। फिर अगर 3 लोग बाइक चलाते हैं तो चालान क्यों होता है? उन्‍होंने आगे कहा कि जब यूपी में हमारी सरकार सत्ता में आएगी तो तीन सवारियां बाइक पर चल सकेंगे, नहीं तो जीप और ट्रेन का भी चालान करेंगे।

UP Election: उत्तर प्रदेश में कल होने वाले पहले चरण के मतदान से पहले राज्य की सभी सीमाएं सील, 50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात, पढ़िए सभी अपडेट


एसबीएसपी के प्रमुख ओपी राजभर ने कहा, “एक ट्रेन 70 सीटों पर 300 यात्रियों को ले जाती है और ट्रेन का चालान नहीं होता है। 9 सवारी पर जीप पास होती है और 22 लोगों को लेकर जाती है, उस पर भी चालान नहीं होता है। फिर तीन लोग बाइक चलाते हैं तो चालान क्यों? इसलिए जब हमारी सरकार सत्ता में आएगी, तो तीन सवारी फ्री कर दिया जाएगा। नहीं तो हम जीपों और ट्रेनों का भी चालान किया जाएगा।”

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत कल यानी गुरुवार को राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होगा वे सभी प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र के हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक होगा। निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार का काम मंगलवार शाम पांच बजे बंद हो गया। पहले चरण के चुनाव में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में हैं और इस चरण में 2.27 करोड़ मतदाता हैं। पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में होगा।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।