UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत कल यानी गुरुवार को राज्य के 11 जिलों की 58 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होगा वे सभी प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र के हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक होगा। निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक पहले चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस चरण में शामली, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा तथा आगरा जिलों में मतदान होगा। पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार का काम मंगलवार शाम पांच बजे बंद हो गया। पहले चरण के चुनाव में कुल 623 उम्मीदवार मैदान में हैं और इस चरण में 2.27 करोड़ मतदाता हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 50,000 सुरक्षाकर्मी तैनात
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम को समाप्त होने के साथ ही राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 412 कंपनियों के लगभग 50,000 अर्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस ने राज्य की सभी सीमाओं को सील कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि 58 विधानसभा क्षेत्रों में शांति बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है, जहां कल मतदान होगा।
सुरक्षा अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में सैनिकों की तैनाती के बारे में एएनआई को बताया कि मुजफ्फरनगर, अलीगढ़ और मेरठ में सबसे ज्यादा सुरक्षकर्मियों की तैनाती की जाएगी। अकेले मथुरा में अर्धसैनिक बलों के 75 जवानों को तैनात किया गया है और इस निर्वाचन क्षेत्र में तैनात कुल बल 21,000 है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि हरियाणा और राजस्थान दोनों की राज्य की सीमाओं पर गहन सतर्कता बरती जा रही है जहां पुलिस अधिकारी कार नंबर सूचीबद्ध कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि पूरे समय बल की आवाजाही रहेगी और कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान होगा। ड्यूटी कार्ड आवंटित किए गए थे। शराब की दुकानें 48 घंटे के लिए बंद कर दी गई हैं और मतदान समाप्त होने के बाद ही खुलेंगी। इसके अलावा, यदि मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में उम्मीदवारों के होर्डिंग, बैनर या पोस्टर दिखाई देते हैं, तो उसे तुरंत हटा दिया जाएगा। इससे पहले, चुनाव आयोग की तरफ से सभी मतदान वाले राज्यों की सरकारों को निर्देश दिया गया है कि वे आधिकारिक मशीनरी का दुरुपयोग न करें।
जाट बहुल क्षेत्र में होगा पहले चरण का मतदान, कई मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर
पहले चरण का चुनाव जाट बहुल क्षेत्र में होगा। इस चरण में प्रदेश सरकार के मंत्री श्रीकांत शर्मा, सुरेश राणा, संदीप सिंह, कपिल देव अग्रवाल, अतुल गर्ग और चौधरी लक्ष्मी नारायण के राजनीतिक भाग्य का फैसला होगा। वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पहले चरण की 58 में से 53 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) को दो-दो सीटें मिली थी। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का भी एक प्रत्याशी जीता था।
पहले चरण के चुनाव के लिए प्रचार का ज्यादातर काम कोविड-19 महामारी के मद्देनजर निर्वाचन आयोग द्वारा रैलियों और रोड शो पर प्रतिबंध लगाए जाने कारण डिजिटल माध्यम से ही किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने BJP के चुनाव प्रचार अभियान की अगुवाई करते हुए केंद्र और उत्तर प्रदेश में पार्टी के नेतृत्व वाली सरकारों की उपलब्धियों का जिक्र किया और सपा-रालोद के गठबंधन पर हमला करते हुए लोगों को नकली समाजवादियों से सतर्क रहने को कहा। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले कैराना से हिंदुओं के पलायन का मुद्दा बार-बार उठाया।
यूपी चुनाव को रोचक बनाने के लिए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी भी ताल ठोक रही हैं, लेकिन इन दलों के पक्ष में पहले चरण में कामयाबी मिलेगी इसको लेकर चुनावी विश्लेषकों को शक है। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटों पर सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान होगा। जबकि मतों की गिनती 10 मार्च को होगी। उत्तर प्रदेश में मौजूदा विधानसभाओं का कार्यकाल 14 मार्च 2022 को समाप्त होगा।