प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को कहा कि 'विकसित भारत संकल्प यात्रा (Viksit Bharat Sankalp Yatra)' केवल सरकार की ही नहीं बल्कि देश की यात्रा बन गई है। उन्होंने कहा कि जब गरीब, किसान, महिलाएं तथा युवा सशक्त होंगे तो राष्ट्र शक्तिशाली बनेगा। पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार छोटे किसानों को मुसीबतों से बाहर निकालने के लिए निरंतर काम कर रही है। जबकि पूर्व की सरकारों में किसान के सशक्तीकरण की चर्चा सिर्फ पैदावार एवं उसकी उपज की बिक्री के इर्द-गिर्द ही सीमित रही।
पीएम मोदी ने 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संवाद किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें संबोधित करते हुए यह भी कहा कि 'मोदी की गारंटी' वाली इस यात्रा का सबसे बड़ा मकसद है कि कोई भी हकदार सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने कहा, "कई बार जागरूकता की कमी से या दूसरे कारणों से कुछ लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। ऐसे लोगों तक पहुंचना हमारी सरकार अपना दायित्व समझती है। आज देश में ही नहीं बल्कि दुनिया में भी मोदी की गारंटी की बहुत चर्चा हो रही है।"
पीएम मोदी ने कहा, "पहले की सरकारों में देश में कृषि नीति का दायरा बहुत सीमित था और किसानों के सशक्तीकरण की चर्चा सिर्फ पैदावार और उसकी उपज की बिक्री के इर्द-गिर्द ही सीमित रही जबकि किसान को अपने दैनिक जीवन में भांति-भांति की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए हमारी सरकार ने किसान की हर मुश्किल को आसान करने के लिए चौतरफा प्रयास किए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से हर किसान को कम से कम 30,000 रुपये दिए जा चुके हैं।"
गरीब, किसान, महिलाएं और युवाओं को बताया 4 जातियां
PM मोदी ने कहा कि उनके लिए गरीब, किसान, महिलाएं और युवा चार सबसे बड़ी जातियां हैं। उन्होंने कहा कि जब ये सशक्त होंगी तो एक सशक्त भारत सुनिश्चित होगा। पिछले दिनों न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर तुअर की दाल की ऑनलाइन खरीद किए जाने की घोषणा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी यह सुविधा तुअर या अरहर दाल के लिए दी गई है लेकिन आने वाले समय में दूसरी दालों के लिए भी इसका दायरा बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास है कि दाल खरीदने के लिए जो पैसा हम विदेश भेजते हैं, वह देश के ही किसानों को मिले।" प्रधानमंत्री ने कहा कि 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के दौरान दो करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है। जबकि इसी दौरान एक करोड़ लोगों की टीबी की बीमारी की भी जांच हुई है। उन्होंने कहा कि 22 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया संबंधी जांच हुई है और ये सारे लोग गांव, गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोग हैं। लाभार्थियों ने सरकार की पहल की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि यात्रा ने हाल ही में 50 दिन पूरे किए हैं और इस दौरान लगभग 11 करोड़ लोग इससे जुड़ चुके हैं।