PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) चुनावी राज्य तेलंगाना का दौरा करने वाले हैं। पीएम मोदी रविवार को दोपहर करीब 2:15 बजे महबूबनगर (Mahabubnagar) जिला पहुंचेंगे। इस दौरान पीएम मोदी सड़क, रेल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों की कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में बताया गया कि पीएम मोदी कई सड़क परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसमें नागपुर-विजयवाड़ा आर्थिक गलियारा (Nagpur-Vijayawada Economic Corridor) का हिस्सा भी शामिल हैं। जिसमें वारंगल से एनएच-163जी के खम्मम खंड तक 108 किमी लंबा चार-लेन एक्सेस नियंत्रित ग्रीनफील्ड राजमार्ग (access controlled greenfield highway) और 90 किमी लंबा चार लेन शामिल है।
सड़क परियोजनाओ की लागत 6,400 करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इन सड़क परियोजनाओं में कुल 6,400 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इन परियोजनाओं से वारंगन और खम्मम के बीच की दूरी करीब 14 किमी कम हो जाएगी। वहीं खम्मम और विजयवाड़ा के बीच की दूरी करीब 27 किमी कम हो जाएगी। पीएम मोदी राष्ट्र को NH-365BB के 59 किमी लंबे सूर्यापेट (Suryapet) से खम्मम सेक्शन की चार लेन सड़क परियोजना समर्पित करेंगे। करीब 2,460 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना हैदराबाद-विशाखापट्टनम गलियारा का हिस्सा है। जिसे भारतमाला परियोजना के तहत बनाया जा रहा है। बयान में कहा गया है कि इससे खम्मम जिले और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 37 किमी लंबी जैकलेयर-कृष्णा नई रेलवे लाइन भी समर्पित करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी महत्वपूर्ण तेल और गैस पाइपलाइन परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। वह करीब 2,170 करोड़ की लागत से बनी हसन-चेरलापल्ली एलपीजी पाइपलाइन परियोजना (Hassan-Cherlapalli LPG Pipeline Project) राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही हैदराबाद विश्वविद्यालय की पांच नई इमारतों का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कृष्णा स्टेशन से हैदराबाद (काचेगुडा) - रायचूर - हैदराबाद (काचेगुडा) ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। ट्रेन सेवा तेलंगाना के हैदराबाद, रंगारेड्डी, महबूबनगर, नारायणपेट जिलों को कर्नाटक के रायचूर जिले से जोड़ेगी। यह सेवा महबूबनगर और नारायणपेट के पिछड़े जिलों के कई नए क्षेत्रों में पहली बार रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। जिससे क्षेत्र में छात्रों, रोजाना सफर करने वाले यात्रियों, मजदूरों और स्थानीय हथकरघा उद्योग को फायदा मिलेगा।