बिहार के मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की ओर से मंगलवार को बिहार विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर राजधानी पटना में जमकर हंगामा हुआ। पटना में मंगलवार को नए पुलिस कानून, बिगड़ती कानून व्यवस्था, शिक्षा और रोजगार समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव करने सड़क पर उतरे RJD कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। इस बीच, बिना अनुमति के प्रदर्शन करने वाले RJD नेता तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।

इस दौरान जमकर पथराव भी किया गया तथा पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें भी छोड़ी गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। बिहार में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच बढ़ती बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी RJD ने मंगलवार को विधानसभा घेराव करने की घोषणा की थी, जिसे प्रशासन ने अनुमति नहीं दी।

पुलिस ने वॉटर कैनन का किया इस्तेमाल

इसके बावजूद बड़ी संख्या में RJD कार्यकर्ता गांधी मैदान के पास एकत्रित हो गए और विधानसभा की ओर बढ़ने लगे। अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए सड़कों पर उतरे। RJD के नेता तेजस्वी यादव और तेजप्रताप भी यहां पहुंचे, तब RJD के नेता उत्साहित हो गए। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इन प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे हंगामा करते रहे और बैरकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने डाक बंगला पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किए।

RJD कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस की ओर से वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया गय, जिसके बाद राजद समर्थक उग्र हो गए। इस दौरान डाक बंगला पर पुलिस और समर्थकों के बीच पत्थरबाजी भी हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी बवाल करते रहे, तब पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस दौरान तेजप्रताप हेलमेट पहने भी नजर आए। RJD नेता शक्ति यादव भी घायल बताए जा रहे हैं।

RJD कार्यकर्ताओं ने किया पथराव

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरू में RJD समर्थकों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे नहीं माने और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में पुलिस, पत्रकारों को चोटें आई हैं। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लाठियां भांजी। प्रदर्शनकारी और पुलिस कई मौकों पर आमने-सामने आ गए। इस दौरान डाक बंगला चैराहा रणक्षेत्र बना रहा। RJD के नेताओं का कहना है कि पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।