2024 के लोकसभा चुनाव तक गर्म रहेगी सियासी फिजा, इस साल इन राज्यों में होने हैं विधानसभा चुनाव

मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में 2023 के आखिर में विधानसभा चुनावों का बिगुल बज जाएगा। इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल इस साल दिसंबर और अगले साल जनवरी में खत्म हो जाएगा। एक ओर मिजोरम की 40-सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर को खत्म होना है, तो वहीं छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः तीन जनवरी और छह जनवरी, 2024 को खत्म हो जाएगा

अपडेटेड May 14, 2023 पर 9:04 PM
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद झारखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रांची में जश्न मनाया (PHOTO-PTI)

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव (Karnataka Assembly Election) भले ही खत्म हो गए हों, लेकिन इस साल होने वाले दूसरे राज्यों में सिलसिलेवार चुनाव के कारण 2024 के आम चुनाव तक सियासी फिजा गर्म रहेगी। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के साथ कम से कम तीन विधानसभा चुनाव भी हो सकते हैं। कर्नाटक के बाद इस साल मध्य प्रदेश (MP), राजस्थान (Rajasthan), छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh), तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव होने हैं। पूर्वोत्तर राज्यों- नगालैंड, त्रिपुरा और मेघालय में 2023 में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं।

मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में 2023 के आखिर में विधानसभा चुनावों का बिगुल बज जाएगा। इन राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल इस साल दिसंबर और अगले साल जनवरी में खत्म हो जाएगा।

एक ओर मिजोरम की 40-सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 17 दिसंबर को खत्म होना है, तो वहीं छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः तीन जनवरी और छह जनवरी, 2024 को खत्म हो जाएगा।


राजस्थान और तेलंगाना विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः 14 जनवरी और 16 जनवरी, 2024 को खत्म हो जाएगा।

फिलहाल इन पांच राज्यों में एक साथ चुनाव होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

निर्धारित चुनावों के अलावा, इस साल केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

Karnataka Election Result: कर्नाटक के चुनाव नतीजों के बाद विपक्षी खेमे में बदलेगी कांग्रेसी की स्थिति, ये फैक्टर हैं काफी अहम

PTI के मुताबिक, सूत्रों ने पहले कहा था कि जम्मू-कश्मीर में 2023 की गर्मियों में चुनाव हो सकते हैं और चुनाव का समय सुरक्षा नजरिए पर निर्भर करेगा।

एक जुलाई से 31 अगस्त तक 62 दिन तक चलने वाली अमरनाथ यात्रा के खत्म होने के बाद, जम्मू-कश्मीर में इस साल अक्टूबर में चुनाव हो सकते हैं।

आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और ओडिशा की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल जून में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है।

क्योंकि आम तौर पर लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में होते हैं, इसलिए संभावना है कि इन तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव संसदीय चुनाव के साथ-साथ कराए जा सकते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।