Punjab Election 2022: प्रियंका गांधी बोलीं- दिल्ली से BJP चला रही थी अमरिंदर सिंह की सरकार, AAP को बताया RSS से निकली पार्टी

प्रियंका ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी जी को एक मौका दीजिए- आपके हित के लिए एक सरकार बनाने का, मौका दीजिए पंजाब को फिर से मजबूत बनाने का, उस पंजाबियत को जिस पर आप सभी को गर्व है। उसी पंजाबियत को उभार कर मजबूत बनाने का मौका दीजिए

अपडेटेड Feb 13, 2022 पर 5:00 PM
प्रियंका गांधी ने धूरी में किसानों के साथ मुलाकात की और उनके साथ भोजन भी किया, इस दौरान उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी भी उपस्थित रहे

Punjab Election 2022: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पंजाब सरकार को इसलिए हटाना पड़ा, क्योंकि उसे दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (BJP) चला रही थी। उन्होंने आम आदमी पार्टी (AAP) पर भी हमला करते हुए उस पर दिल्ली में कुछ भी न करने का आरोप लगाया और कहा कि उसकी सरकार नाकाम रही है। प्रियंका ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी दक्षिणपंथी हिंदू संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से निकली है।

Assembly Election 2022: उत्तर प्रदेश की 55, गोवा और उत्तराखंड की सभी सीटों पर थमा चुनाव प्रचार, 14 फरवरी को होगी वोटिंग

प्रियंका रविवार को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कोटकपूरा में "नवी सोच, नवा पंजाब" (Navi Soch Nava Punjab) जनसभा को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी जी को एक मौका दीजिए- आपके हित के लिए एक सरकार बनाने का, मौका दीजिए पंजाब को फिर से मजबूत बनाने का, उस पंजाबियत को जिस पर आप सभी को गर्व है। उसी पंजाबियत को उभार कर मजबूत बनाने का मौका दीजिए।


दिल्ली से BJP चला रही थी अमरिंदर की सरकार

मुख्यमंत्री के तौर पर सिंह के कार्यकाल का जिक्र करते हुए प्रियंका ने उनका नाम लिए बिना कहा कि यह सच है कि पांच साल तक यहां हमारी सरकार थी, यह भी सच है कि उस सरकार में कुछ खामियां थीं। यह अपने रास्ते से कहीं भटक गई थी। उस सरकार ने पंजाब से चलना बंद कर दिया था। सरकार दिल्ली से चलाई जा रही थी और वो भी कांग्रेस द्वारा नहीं बल्कि बीजेपी और बीजेपी नीत सरकार द्वारा।

उन्होंने कहा कि यह छिपा गठजोड़ आज सामने आ गया है, इसलिए हमें उस सरकार को बदलना पड़ा। बता दें कि सिंह ने पिछले साल सितंबर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ सत्ता संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (PLC) बनाई। पीएलसी, बीजेपी और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवायी वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर राज्य विधानसभा चुनाव लड़ रही है।

AAP पर भी बोला हमला

आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली मॉडल को लेकर उस पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने मतदाताओं को आप के दावों के जाल में फंसने को लेकर आगाह किया। उन्होंने कहा कि एक और पार्टी है जो दिल्ली से आई है। आपको विज्ञापनों के जरिए दिल्ली मॉडल दिखाया जा रहा है और लोग आपके पास आकर दिल्ली मॉडल का प्रचार कर रहे हैं तथा दिल्ली में सरकार द्वारा किए गए कामों का प्रचार कर रहे हैं।

प्रियंका ने जनसभा में एकत्रित लोगों से कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि बीजेपी गुजरात मॉडल के दम पर 2014 में केंद्र में सत्ता में आई थी। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े विज्ञापनों में दावा किया गया कि गुजरात में बहुत ज्यादा विकास हुआ, हर कोई अमीर बन रहा है, सब कुछ कुशल मंगल है। लेकिन क्या हुआ? वह मॉडल केवल विज्ञापनों में दिखा।

उन्होंने कहा कि AAP सरकार दिल्ली में नाकाम रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि मैं आप सभी से आग्रह करना चाहती हूं कि जब आप वोट डालने जाएं तो आप इन राजनीतिक दल और नेताओं की सच्चाई को पहचानिए। आपको एक नई सरकार चाहिए तो वो नई सरकार आपको कांग्रेस में ही मिलेगी। बता दें कि पंजाब में 20 फरवरी को मतदान होना है और मतगणना 10 मार्च को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।