UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना 'युवा घोषणा पत्र' (Youth Manifesto) जारी कर दिया है। 'युवा घोषणा पत्र' का नाम 'भर्ती विधान' रखा गया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इस मौके पर मौजूद थीं। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होने का संकेत दिया।
यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस की तरफ से 'युवा घोषणा पत्र' जारी करने के दौरान जब प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) से मुख्यमंत्री उम्मीदवार के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने पत्रकारों से कहा कि क्या आपको पार्टी की तरफ से कोई और चेहरा दिख रहा है?
पत्रकारों द्वारा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री चेहरा के बारे में पूछने पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "क्या आपको उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की तरफ से किसी और का चेहरा दिख रहा है? मेरा चेहरा हर जगह दिख रहा है।" उन्होंने यह भी कहा कि उनके चुनाव लड़ने के बारे में फिलहाल कोई फैसला नहीं हुआ है।
प्रियंका ने कहा कि अगर यह तय होगा तो आप लोगों को पता चल जाएगा। प्रियंका ने 20 लाख नौकरियों का वादा करते हुए नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ सहयोगी और भाई राहुल गांधी के साथ घोषणापत्र लॉन्च किया।
देश के सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में हाशिए पर चली गई कांग्रेस युवाओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है। इस दौरान प्रियंका गांधी ने ये भी कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन की परिस्थिति पैदा होने पर उनकी पार्टी इस पर विचार करेगी।
उन्होंने इसके साथ ही कहा कि अगर ऐसी किसी गठबंधन सरकार में कांग्रेस शामिल होगी तो उसकी एक शर्त युवाओं और महिलाओं से जुड़े अपने एजेंडे को लागू कराने की होगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 7 चरणों में होगा। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को और सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को होगा। जबकि 10 मार्च को नतीजे घोषित होंगे।