UP Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना 'युवा घोषणा पत्र' (Youth Manifesto) जारी कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा इस मौके पर मौजूद थी। 'युवा घोषणा पत्र' का नाम 'भर्ती विधान' रखा गया है। ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ और टिकट बंटवारे में महिलाओं को 40 फीसदी आरक्षण देने के बाद कांग्रेस ने सरकारी नौकरियों से लेकर टीचरों की नौकरी तक का बड़ा वादा किया है।
- यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी दी गई, जिसमें 8 लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए होंगे।
- परीक्षार्थियों के लिए बस और रेल यात्रा फ्री होगी।
- शिक्षकों के 1.50 लाख खाली पद भरे जाएंगे।
- सरकार बनने पर जॉब कैलेंडर तैयार किया जाएगा, जिसमें पेपर, ज्वाइनिंग की तारीख तय होगी।
- 30 साल से कम उम्र के उद्यमियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
- सभी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शुल्क माफ होगा।
- सीड स्टार्टअप फंड के लिए 5 हजार करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
- प्राथमिक विद्यालयों में टीचरों के खाली 1.5 लाख पद भरे जाएंगे
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खाली 19,300 पद और आंगनबाड़ी सहायिकाओं के लिए रिक्त 27,100 पदों को भरा जाएगा।
इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार हम आपको कैसे और किस प्रकार से दिलाएंगे, यह सब हमने इस मेनिफेस्टो में लिखा है। इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश के युवाओं के साथ बात की है और जो उनके विचार है वह हमने इस मेनिफेस्टो में डाले हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर 24 घंटे में लगभग 880 युवा रोजगार खोते हैं। बीजेपी के पिछले 5 सालों के शासन में लगभग 16 लाख युवाओं ने रोजगार खोया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि हम आपको हर साल 2 करोड़ रोज़गार देंगे। सच्चाई सबको दिख रही है। ऐसा क्यों हो रहा है। क्योंकि देश का पूरा धन 2-3 बड़े उद्योगपतियों के हाथों में दिया जा रहा है। वहीं, प्रियंका गांधी ने कहा कि इस मेनिफेस्टो को बनाने के लिए हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं ने हर ज़िले में युवाओं से बात कर उनकी बड़ी समस्याओं को समझा। उन्हीं में से निकले हुए मुद्दे भर्ती विधान में हैं। इसे भर्ती विधान इसलिए कहा है क्योंकि प्रदेश में बड़ी समस्या भर्ती की है।