कांग्रेस (Congress) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Election 2022) में 86 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पंजाब में कुल 117 विधानसभा सीट हैं। लिस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहिब (SC) से चुनाव लड़ेंगे और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर ईस्ट से चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा पार्टी ने अभिनेता सोनू सूद की बहन को भी चुनाव मैदान में उतारा है। सोनू की बहन मालविका सूद कांग्रेस के टिकट पर मोगा से चुनाव लड़ेंगी।
वहीं कांग्रेस ने पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा को डेरा बाबा नानक से और ओम प्रकाश सोनी को अमृतसर सेंट्रल से राज्य चुनावों के लिए मैदान में उतारा है। साथ ही कांग्रेस ने कादियां से राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा को टिकट दिया है।
पंजाब में विधानसभा चुनावों में बमुश्किल एक महीना दूर है, कोरोनोवायरस बीमारी (Covid) की स्थिति पर बढ़ती चिंताओं के बावजूद, सभी राजनीतिक हलकों ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है।
इस साल, पंजाब के लिए लड़ाई ज्यादा तेज है, क्योंकि राज्य किसानों के विरोध जैसे कई मुद्दों से जूझ रहा है, जबकि सत्तारूढ़ खेमा कड़वी अंदरूनी लड़ाई से निपट रहा है।
कांग्रेस पार्टी ने पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के नेतृत्व में हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद गुरुवार को पंजाब में अपने उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया था। मामले से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि कुछ मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट देने पर आम सहमति नहीं बन रही थी।
पंजाब में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 14 फरवरी को होने हैं। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी। 2017 के विधानसभा चुनावों में, कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर राज्य में पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 10 साल बाद शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी की सरकार को बाहर कर दिया था।