UP Assembly Poll 2022: बीजेपी ने जारी की 107 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, गोरखपुर से चुनाव लड़ेंगे CM योगी

UP Elections 2022: योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से BJP के उम्मीदवार होंगे और सिराथू से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य

अपडेटेड Jan 15, 2022 पर 2:45 PM
Story continues below Advertisement
CM योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से BJP के उम्मीदवार होंगे (FILE)

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections) के लिए 107 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की और गोरखपुर शहर (Gorakhpur City) से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को मैदान में उतारा है। पार्टी ने पहले दो चरणों में होने वाली सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। लिस्ट बीजेपी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पार्टी महासचिव अरुण सिंह के साथ यहां पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जारी की।

प्रधान ने कहा कि आदित्यनाथ गोरखपुर शहर से BJP के उम्मीदवार होंगे और सिराथू से उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। आदित्यनाथ गोरखपुर से पांच बार लोकसभा सांसद रहे है। वह और मौर्य वर्तमान में राज्य की विधान परिषद के सदस्य हैं।

BJP ने प्रधान के हवाले से ट्वीट किया, "बीजेपी ने पिछले पांच सालों में उत्तर प्रदेश में कल्याणकारी और संवेदनशील शासन दिया है। हमें विश्वास है कि 2022 के इस महान पर्व में यूपी के लोग हमें फिर से उसी स्पष्टता के साथ आशीर्वाद देंगे।"


साथ ही पार्टी ने यह भी घोषणा की कि वह आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में एक बार फिर नोएडा, दादरी और जेवर से अपने तीन मौजूदा विधायकों को मैदान में उतारेगी।

पार्टी ने नोएडा से पंकज सिंह, दादरी से तेजपाल सिंह नागर और जेवर से धीरेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। नोएडा में 6,90,231 मतदाता हैं, जबकि दादरी में 5,86,889 मतदाता और जेवर में 3,46,425 मतदाता हैं। इन तीन विधानसभा सीटों के लिए चुनाव 10 फरवरी को होना है। नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

UP Elections 2022: 'अखिलेश ने हमें अपमानित किया, नहीं चाहतें दलितों का समर्थन' भीम आर्मी चीफ का गठबंधन से इनकार

वहीं 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू हो रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में भी अलग-अलग चरण में वोटिंग होगी।

सीएम योगी को गोरखपुर शहर से टिकट मिलने पर, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "कभी कहते थे मथुरा से लड़ेंगे, कभी अयोध्या से तो कभी प्रयागराज से लड़ने की बात करते थे। मुझे इस बात की खुशी है कि BJP ने उन्हें (योगी आदित्यनाथ) अपने घर भेज दिया। अब मुझे लगता है कि गोरखपुर में ही उन्हें रहना पड़ेगा, अब वहां से वापस आने की जरूरत नहीं है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।