Punjab Election 2022: EC ने सोनू सूद को मोगा में मतदान केंद्रों पर जाने से रोका, गाड़ी हुई जब्त, घर से बाहर निकलने पर भी रोक

Punjab Poll 2022: अकाली दल की शिकायत के बाद EC ने सोनू सूद को विभिन्न बूथों में जाने से रोकने के लिए उनकी कार को जब्त कर लिया है

अपडेटेड Feb 20, 2022 पर 2:00 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
EC ने सोनू सूद को मोगा में मतदान केंद्रों पर जाने से रोका (FILE PHOTO)

Punjab Elections 2022: चुनाव आयोग (EC) ने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) को मोगा में मतदान केंद्रों पर जाने से रोक दिया, जहां से उनकी बहन कांग्रेस (Congress) के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। इंडिया टुडे के मुताबिक, सोनू सूद पर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। शिरोमणि अकाली दल की तरफ से शिकायत दर्ज कराने के बाद चुनाव आयोग ने सोनू सूद को विभिन्न बूथों में जाने से रोकने के लिए उनकी कार को जब्त कर लिया है।

मोगा ज़िला पीआरओ, प्रभदीप सिंह ने ANI को बताया, "सोनू सूद एक पोलिंग बूथ के अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनकी कार जब्त की गई और उन्हें घर भेजा गया। अगर वे घर से बाहर निकलेंगे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"

ANI से सोनू सूद ने कहा, "बहुत से लोग विशेष रूप से अकाली दल के लोग डरा रहे हैं, बहुत सारे बूथ में पैसे बांटे जा रहे हैं। जब चुनाव होते हैं, तो पारदर्शी चुनाव होना चाहिए। मैंने SSP साहब को शिकायत की है। हमारी गाड़ी वहां पर है, दूसरी गाड़ी से हम आ गए हैं।"

Punjab Election 2022: चुनाव के बाद BJP के साथ गठबंधन पर होगा फैसला- SAD नेता बिक्रम मजीठिया


हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, पुलिस ने रविवार को मतदान के दौरान मोगा जिले के लांधेके गांव में "संदिग्ध गतिविधि" किए जाने की खबरों के बाद एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) को जब्त कर लिया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सूद बैठे थे।

पुलिस ने कहा कि चुनाव पर्यवेक्षक के निर्देश पर वाहन को जब्त कर लिया गया है। साथ ही एसडीएम सह रिटर्निंग अधिकारी सतवंत सिंह ने सोनू सूद के घर की वीडियो सर्विलांस करने के भी निर्देश दिए।

सोनू सूद के घर के वीडियो सर्विलांस के निर्देश

सिटी पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) दविंदर सिंह ने कहा, "संदिग्ध गतिविधि के आधार पर SUV को जब्त कर लिया गया है। हमें शिकायत मिली है कि SUV लांधेके गांव में मतदान केंद्र के पास चक्कर लगा रही थी। हमने इसे जब्त कर लिया है। आगे की कार्रवाई जारी है।"

हिंदुस्तान टाइम्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि ये गाड़ी सोनू सूद के किसी परिचित की है और वह मोगा में चुनाव प्रचार के दौरान इसका इस्तेमाल कर रहे थे।

सतवंत सिंह ने कहा, "मैंने सोनू सूद को उनके घर में रहने का निर्देश दिया है, क्योंकि उन्हें क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं है, क्योंकि उनके पास मोगा निर्वाचन क्षेत्र में वोट नहीं है। हालांकि, उन्होंने निर्देश का उल्लंघन किया। इसलिए मैंने उनके घर की वीडियो सर्विलांस के निर्देश दिए हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।