Punjab Election Results 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी (AAP) सबसे आगे चल रही है। यहां तक कि AAP ने रुझानों में बहुमत हासिल कर लिया है। पंजाब में शुरुआती रुझान में आम आदमी पार्टी (AAP) 88 सीटों पर, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) पांच और शिरोमणि अकाली दल (SAD) 10 सीट पर आगे चल रही हैं। इसके अलावा कांग्रेस 12 सीटों पर आगे चल रही है।
पंजाब विधानसभा की 117 सीटों के लिए गुरुवार को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू की गई। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार, AAP 88 सीट पर, शिअद 8, BJP और BSP 5-5 सीटों पर आगे चल रही हैं। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार आगे है।
पंजाब में 117 विधानसभा सीट के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 फरवरी को हुआ था। राज्य में इस बार अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक प्रमुख दावेदार के रूप में उभरी है, जबकि कांग्रेस बहुकोणीय मुकाबले में सत्ता बरकरार रखने की कोशिश कर रही है।
चुनाव बाद हुए कई सर्वेक्षणों में ‘आप’ के अगली सरकार बनाने का अनुमान जताया गया है, जबकि कुछ ने त्रिशंकु विधानसभा का पूर्वानुमान लगाया है। इस बार, 93 महिलाओं और दो ट्रांसजेंडर सहित कुल 1,304 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में इस बार 71.95 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले तीन विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार सबसे कम मतदान हुआ था।