गुरु गोविंद बिहार में पैदा हुए, संत रविदास यूपी में, क्या इनको भी पंजाब से निकाल देंगे CM चन्नी? PM मोदी ने पूछा

Punjab Assembly Election 2022: प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को पंजाब में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के CM चरणजीत सिंह चन्नी के यूपी बिहार वाले बयान को लेकर उनपर और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा

अपडेटेड Feb 17, 2022 पर 2:16 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Punjab Elections 2022: पंजाब के फाजिल्का में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 17 फरवरी को पंजाब के फाजिल्का में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के यूपी बिहार वाले बयान को लेकर उनपर और कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा, "कल ही हमने संत रविदास जी की जयंती मनाई है। वो कहां पैदा हुए? उत्तर प्रदेश में, बनारस में। क्या आप संत रविदास जी को भी पंजाब से निकाल देंगे? गुरू गोविंद सिंह जी का जन्म कहां हुआ था? पटना साहिब, बिहार में। क्या आप गुरू गोविंद जी को भी पंजाब से निकाल देंगे?"

मोदी ने कहा, "कांग्रेस हमेशा से एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे से लड़ाती आई है। यहां कांग्रेस के मुख्यमंत्री ने जो बयान दिया, जिस पर दिल्ली का परिवार उनके साथ खड़े होकर तालियां बजा रहे थे, वो पूरे देश ने देखा। अपने इन बयानों से ये लोग किसका अपमान कर रहे हैं। यहां का कोई ऐसा गांव नहीं होगा, जहां हमारे उत्तर प्रदेश या बिहार के भाई बहन मेहनत न करते हों।"

इससे पहले चरणजीत सिंह चन्नी का एक वीडियो बुधवार को वायरल हुआ था, जिसमें वह यह कहते हुए सुनाई दे रहे थे कि 'यूपी और बिहार के भइयों को घुसने नहीं देना' है। वीडियो में चरणजीत सिंह चन्नी के बगल में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी खड़ी दिखाई दे रही थीं, जिन्हें इस बयान के बाद भीड़ के साथ ताली बजाते हुए देखा गया। पीएम मोदी ने अपने बयान में 'दिल्ली के परिवार' शब्द के जरिए इशारों-इशारों में प्रियंका गांधी पर निशाना साधा।


यह भी पढ़ें- NSE की पूर्व MD और CEO चित्रा रामकृष्ण के घर पर आयकर विभाग की रेड, जानें क्यों हुई छापेमारी

आम आदमी पार्टी पर भी बरसे PM मोदी

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, "कांग्रेस की जो ‘पार्टनर इन क्राइम’ पार्टी है, वो भी एक के बाद एक झूठ पंजाब में आकर बोल रही है। ये वो लोग हैं जिनकी दिल्ली में सरकार है। आज पंजाब में आकर सिखों को झूठ बोलने वाले इन लोगों ने दिल्ली में एक भी सिख को मंत्री नहीं बनाया है।"

उन्होंने कहा, "ये झूठ बोलने के महारथी हैं। दिल्ली में प्रदूषण बढ़ता है तो ये पंजाब के किसानों को गाली देते हैं। दिल्ली में जाओ तो पंजाब के किसानों को गाली दो और यहां आओ तो किसानों को गले लगाने की बात करों। ये फरेब चलेगा क्या?"

कुमार विश्वास के आरोपों के जरिए PM मोदी ने केजरीवाल पर हमला बोला

PM मोदी ने कहा, "बात इतनी ही नहीं है, इनके इरादे कहीं ज्यादा खतरनाक हैं। इनके पुराने विश्वस्त साथी रहे और कवि और चिंतक होने के नाते देश भर में उनके कवि सम्मेलनों को सुनने के लिए देश भर में युवा पीढ़ी उनका इंतजार करती है। ऐसे इंसान ने कल कह दिया और जो आरोप लगाया है वो बहुत खतरनाक है।"

उन्होंने कहा, "ये लोग पंजाब को तोड़ने का सपना पाले हुए हैं। ये लोग सत्ता के लिए अलगाववादियों से भी हाथ मिलाने को तैयार हैं। सत्ता पाने के लिए इन लोगों को अगर देश भी तोड़ना पड़े, तो ये लोग उसके लिए भी तैयार हैं। इनका एजेंडा और देश के दुश्मनों का एजेंडा, पाकिस्तान का एजेंडा अलग है ही नहीं। इसलिए ही ये पंजाब में ड्रग्स के नेटवर्क को बढ़ाना चाहते हैं। इसलिए ही ये बॉर्डर पर BSF के बढ़ते अधिकारों पर आवाज उठाते हैं। यही इन लागों का मंसूबा है, यही उनकी सोच है।"

यह भी पढ़ें- पंजाब में इस उम्मीदवार ने घोषित की महज 2,000 रुपये की संपत्ति, सबसे अमीर प्रत्याशी हैं AAP के कुलवंत सिंह

पंजाब में PM मोदी की ये आखिरी सभा थी

मोदी ने फाजिल्का में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "इस चुनाव में पंजाब में ये मेरी आखिरी सभा है। मैं बीते कुछ दिनों में पंजाब के अलग अलग क्षेत्रों में गया हूं। पूरे पंजाब में आज एक ही आवाज उठ रही है, भाजपा को जीताना है, NDA को जीताना है। पंजाब में डबल इंजन की सरकार बनाना है।"

डबल इंजन सरकार को बताया महत्व

उन्होंने कहा, "डबल इंजन की सरकार मतलब, पंजाब का इस दशक में सबसे तेज विकास। पंजाब से रेत माफिया, ड्रग माफिया की विदाई। पंजाब की औद्योगिक इकाइयों में नई ऊर्जा। पंजाब के युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के नए मौके। BJP पूरे समर्पित भाव से पंजाब के लोगों के सामने पंजाब की सुरक्षा और विकास का संकल्प लेकर आई है। एक बार भाजपा को आपकी सेवा करने का मौका दीजिए। फिर देखिएगा कि डबल इंजन की सरकार कैसे पंजाब को तेज गति से आगे बढ़ाती है।"

मोदी ने कहा, "आप देखिए, देश के इतने सारे राज्य हैं जहां कांग्रेस एक बार गई, फिर लौटकर नहीं आई और जहां भाजपा को आशीर्वाद मिल गया, वहां तो कांग्रेस जड़-मूल से साफ हो गई।"

अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया

मोदी ने कहा, "कोरोना काल में भाजपा सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है और मुफ्त वैक्सीन भी दे रही है। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत केंद्र सरकार ने पंजाब के किसानों के बैंक खाते में 3,700 करोड़ रुपये सीधे-सीधे किसान के बैंक के खातों में जमा हुआ है। पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ पंजाब के करीब 23 लाख किसानों को मिला है।"

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के तहत पंजाब में 75 हजार से अधिक बनाएं जा रहे हैं। पक्के घर के लिए अकेले पंजाब को 2,000 करोड़ रुपये से भी अधिक की राशि दी गई है। गरीब की तकलीफ दूर हो, उसका जीवन आसान बने, ये हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता का काम है।"

आयुष्मान भारत योजना के जरिए केजरीवाल पर साधा निशाना

PM मोदी ने कहा, "आयुष्मान भारत योजना का लाभ देश के 50 करोड़ लोगों को मिल रहा है। आयुष्मान भारत कार्ड से पंजाब का नागरिक हिंदुस्तान में कहीं भी जाएगा उसको इलाज मुफ्त मिलेगा।"

उन्होंने कहा, "एक और दुख की बात है कि अगर आपके पास आयुष्मान कार्ड है भोपाल, अहमदाबाद, लखनऊ जाएंगे तो आपका इलाज हो जाएगा, लेकिन दिल्ली जाएंगे जहां मुख्यमंत्री जो बैठे हैं वो दिल्ली के अस्पताल में इलाज के लिए मना कर देंगे। क्योंकि इस योजना के साथ वो जुड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। जो लोग दिल्ली में आपको घुसने नहीं देना चाहते, वो लोग आपसे वोट मांग रहे हैं। क्या ऐसे लोगों को पंजाब में कुछ भी करने का हक है क्या?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।