Rahul Gandhi PC: 'मुझे जेल भेज दो, मैं सवाल पूछता रहूंगा', अयोग्यता के बाद पहली बार बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने कहा, "संसद में दिया गया मेरा भाषण हटा दिया गया और बाद में मैंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा और जवाब मांगा कि कुछ मंत्रियों ने मेरे बारे में झूठ बोला कि मैंने विदेशी ताकतों से मदद मांगी, लेकिन मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है। मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूंगा, मैं पीएम मोदी और अडानी के रिश्तों पर सवाल उठाता रहूंगा

अपडेटेड Mar 25, 2023 पर 1:57 PM
Story continues below Advertisement
Rahul Gandhi PC: राहुल गांधी ने लोकसभा में अयोग्यता के बाद पहली बार मीडिया को संबोधित किया

Rahul Gandhi PC कांग्रेस (Congress) नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) लोकसभा (Lok Sabha) में अयोग्यता (Disqualification) के बाद पहली बार मीडिया को संबोधित किया। राहुल ने अपने संबोधन की शुरुआत में कहा, "हिन्दुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है।" कांग्रेस नेता कहा, "मैंने कई बार बोला है कि हिन्दुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है। इसके हमें रोज नए-नए उदाहरण मिल रहे हैं...मैंने संसद में सबूत दिए, अदाणी और PM मोदी के रिश्ते के बारे में बोला। अडाणी को नियमों में बदलाव करके एयरपोर्ट दिए गए, इसपर मैंने संसद में बात की।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूंगा। अदाणी का नरेंद्र मोदी से क्या रिश्ता है? इन लोगों से मुझे डर नहीं लगता। अगर इनको लगता है कि मेरी सदस्यता रद्द करके, डराकर, धमकाकर, जेल भेजकर मुझे बंद कर सकते हैं। मैं हिन्दुस्तान के लोकतंत्र के लिए लड़ रहा हूं और लड़ता रहूंगा।"

राहुल ने आगे कहा, "संसद में दिया गया मेरा भाषण हटा दिया गया और बाद में मैंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा और जवाब मांगा कि कुछ मंत्रियों ने मेरे बारे में झूठ बोला कि मैंने विदेशी ताकतों से मदद मांगी, लेकिन मैंने ऐसा कुछ नहीं किया है। मैं सवाल पूछना बंद नहीं करूंगा, मैं पीएम मोदी और अडानी के रिश्तों पर सवाल उठाता रहूंगा।"


राहुल गांधी के 'मोदी सरनेम' वाले बयान को बीजेपी ने OBC समाज का अपमान बताया था, इस पर राहुल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की मेरी कोई भी स्पीच देख लीजिए, मैंने हमेशा कहा है कि सब समाज एक हैं। नफरत, हिंसा नहीं होनी चाहिए। ये OBC का मामला नहीं है, ये नरेंद्र मोदी और अदाणी के रिश्ते का मामला है। BJP ध्यान को भटकाने का काम करती है, कभी OBC की बात करेगी, कभी विदेश की बात करेगी।

राहुल ने आगे कहा, "मुझे फर्क नहीं पड़ता की मैं संसद के अंदर हूं या बाहर हूं। मुझे अपनी तपस्या करनी है, मैं उसे करके दिखाऊंगा।"

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये पूछे जाने पर कि आपने इस मामले को पहले खत्म करने लिए माफी क्यों नहीं मांगी? इस पर राहुल ने कहा, "मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है। गांधी किसी से माफी नहीं मांगता।"

राहुल गांधी की PC की अहम बातें:

  • - ये पूरा ड्रामा है, जो प्रधान मंत्री को एक साधारण सवाल से बचाने के लिए किया गया है- अदाणी की शेल कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपए किसके गए? मैं इन धमकियों, अयोग्यताओं या जेल की सजा से डरने वाला नहीं हूं: राहुल गांधी
  • - मुझे सच्चाई के अलावा किसी चीज में दिलचस्पी नहीं है। मैं केवल सच बोलता हूं, ये मेरा काम है और मैं इसे करता रहूंगा, चाहे मैं अयोग्य हो जाऊं या गिरफ्तार हो जाऊं। इस देश ने मुझे सब कुछ दिया है और इसलिए मैं ऐसा करता हूं: राहुल गांधी
  • - अदाणी पर मेरे अगले भाषण से प्रधानमंत्री डरे हुए हैं और मैंने ये उनकी आंखों में देखा है। इसीलिए पहले व्याकुलता और फिर अयोग्यता: राहुल गांधी
  • - भले ही वे मुझे स्थायी रूप से अयोग्य घोषित कर दें, मैं अपना काम करता रहूंगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं संसद के अंदर हूं या नहीं। मैं देश के लिए लड़ता रहूंगा: राहुल गांधी
  • - मेरा काम देश की लोकतांत्रिक प्रकृति की रक्षा करना है, जिसका मतलब है देश की संस्थाओं की रक्षा करना, देश के गरीब लोगों की आवाज का बचाव करना और लोगों को अदाणी जैसे लोगों के बारे में सच्चाई बताना, जो पीएम के साथ अपने संबंधों का फायदा उठा रहे हैं: राहुल गांधी

राहुल गांधी ही नहीं, भारतीय राजनीति में इन नेताओं पर भी गिरी अयोग्ता की गाज, किसी की गई विधायकी, तो किसी सांसद की कुर्सी छिनी

राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को अपने अभियान को तेज कर दिया और देशव्यापी आंदोलन की घोषणा की है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष, गांधी को शुक्रवार को लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इससे ठीक एक दिन पहले उन्हें सूरत की एक अदालत ने 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में 'मोदी सरनेम' के खिलाफ उनके बयान के लिए दोषी ठहराया था। कांग्रेस आपराधिक मानहानि मामले में गांधी की दोषसिद्धि और संसद के निचले सदन से उनकी त्वरित अयोग्यता के खिलाफ कानूनी रास्ता अपनाने और अदालत का दरवाजा खटखटाने की योजना बना रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।