Punjab elections 2022: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को दावा किया अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) ने पंजाब के गरीब लोगों का बिजली माफ करने से इनकार किया था, जिसके चलते कांग्रेस (Congress) पार्टी को उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाना पड़ा था। राहुल गांधी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान फतेहगढ़ साहिब में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ये बाते कहीं।
राहुल गांधी ने कहा, "अमरिंदर सिंह जब मुख्यमंत्री थे, उस समय मैंने उनसे कहा कि अमरिंदर सिंह मैं और पूरी कांग्रेस पार्टी चाहती है कि पंजाब के गरीब लोगों के लिए बिजली का बिल पूरा माफ कर दिया जाए। कांग्रेस का हर एक किसान चाहता है कि बिजली का बिल कम कर दिया जाए।"
राहुल ने आगे कहा, "आप लोग जानना चाहते हैं कि अमरिंदर सिंह को क्यों हटाया गया? ये अंदर की बातें हैं, फिर मैं आपको बताता हूं। अमरिंदर सिंह को इसलिए हटाया गया क्योंकि उन्होंने पंजाब के गरीब लोगों का बिजली माफ नहीं किया और यह कोई गलत बात नहीं थी।"
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, "अमरिंदर सिंह ने मुझसे कहा कि राहुल हम बिजली का बिल माफ नहीं कर सकते क्योंकि हमारा बिजली कंपनियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट है। इनका बिजली की कंपनियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट है, लेकिन इनका पंजाब के लोगों के साथ भी तो कॉन्ट्रैक्ट है। ये पंजाब के मुख्यमंत्री हैं।"
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा, "मैं यही बात चरणजीत सिंह चन्नी के पास लेकर गया और उनसे कहा कि पंजाब के लोग कष्ट में हैं। आप बिजली के बिल माफ कीजिए। बिजली की दरें कम कीजिए। पेट्रोल-डीजल का दाम भी घटाइए। चन्नी ने इस सवाल पर यह नहीं कहा कि उनका कंपनियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट है। उन्होंने कहा कि मुझे दो-तीन दिन चेक करने के लिए दीजिए और उन्होंने उसके बाद उन्होंने मुझे फोन कर बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर मैं पंजाब के लोगों का 1,500 करोड़ लोगों का माफ कर उन्हें वापस कर रहा हूं।"
बता दें कि अमरिंद सिंह ने बीते 18 सितंबर 2021 को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य का नया मुख्यमंत्री चुना था। अमरिंदर सिंह ने पंजाब में साढ़े चार सालों तक कांग्रेस की सरकार चलाई। हालांकि आलाकमान से खटपट और नवजोत सिंह सिद्धू की अगुआई में कई विधायकों के बगावती सुर के चलते उन्हें चुनाव से कुछ महीने पहले इस्तीफा देना पड़ा था। अमरिंदर सिंह अब अपनी नई पार्टी 'लोक इंसाफ पार्टी' के साथ पंजाब विधानसभा चुनाव में बीजेपी के साथ गठबंधन में लड़ रहे हैं।