ED के सामने आज राहुल गांधी होंगे पेश, कांग्रेस करेगी देशव्यापी सत्याग्रह, BJP का तंज- बेल पर बाहर हैं दोनों नेता

कांग्रेस पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पूर्व सांसद/विधायक, कार्यकारिणी के सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ सत्याग्रह कार्यक्रम के तहत ED के दफ्तर तक पदयात्रा करेंगे

अपडेटेड Jun 13, 2022 पर 8:57 AM
Story continues below Advertisement
ED के सामने कल राहुल गांधी होंगे पेश (FILE)

नेशनल हेराल्ड-एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड डील से जुड़े धनशोधन मामले (Money Laundering) में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और पार्टी नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) से समन मिलने के मामले को लेकर कांग्रेस ने देशव्यापी सत्याग्रह का ऐलान किया। वहीं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पलटवार करते हुए सवाल किया कि आखिर कांग्रेस डरी हुई क्यों है?

रविवार को यहां पहुंचे राजस्थान के पूर्व उप-मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को ईडी के नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया जताते हुए इसे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का षड्यंत्र बताया। जबकि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आखिर नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस क्यों डरी हुई है।

सचिन पायलट ने यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस फर्जी और षड्यंत्रकारी मामले को लेकर पूरे देश में कांग्रेसजनों में आक्रोश का माहौल है। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह कांग्रेस पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पूर्व सांसद/विधायक, कार्यकारिणी के सदस्य, प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ सत्याग्रह कार्यक्रम के तहत दिल्‍ली में ED के दफ्तर तक पदयात्रा करेंगे। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश समेत देशभर के सभी प्रदेश मुख्यालयों पर भी सोमवार को सत्याग्रह कार्यक्रम चलाया जाएगा।


'बेल पर बाहर हैं सोनिया और राहुल गांधी'

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "नेशनल हेराल्ड भ्रष्टाचार के मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी ‘बेल’ (जमानत) पर जेल से बाहर हैं। अब जांच के सिलसिले में अगर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ED का नोटिस आया है, तो यह तो भ्रष्टाचार का मामला हुआ।"

उन्होंने कहा कि मामले को राजनीतिक तूल देने की कांग्रेस असफल कोशिश कर रही है। मौर्य ने आरोप लगाते हुए कहा, "भ्रष्टाचार कांग्रेस का राष्ट्रीय चरित्र है और सोनिया-राहुल भ्रष्टाचार के आरोप में ‘बेल’ पर हैं। जब ED उनके खेल पर पर्दा उठा रहा है, तो मां-बेटे देश की अस्मिता और शांति से खेलने लगे हैं।"

सचिन पायलट ने आरोप लगाया कि आजादी के संघर्ष में योगदान देने वाले अखबार 'नेशनल हेराल्ड' से अंग्रेजों को इतना खतरा महसूस हुआ कि ब्रिटिश हुकूमत ने कांग्रेस के चलाए गए 'भारत छोड़ो' आंदोलन के समय 1942 से 1945 तक इस अखबार को बंद करवा दिया था। आज फिर उस समय की अंग्रेजी हुकूमत का समर्थन करने वाली विचारधारा 'आजादी के आंदोलन की इस आवाज' को दबाने का घिनौना षडयंत्र कर रही है।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि इस षडयंत्र के मुखिया खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ED) उनका हथियार है। उन्‍होंने कहा कि आजादी के आंदोलन की आवाज नेशनल हेराल्ड न्यूज पेपर और कांग्रेस अलग नहीं है।

बीजेपी मुख्यालय में केशव मौर्य ने कहा, "कांग्रेस नेताओं को पता होना चाहिए कि मोदी सरकार किसी को भी देश के संसाधनों को लूटने नहीं देगी। कांग्रेस और उसके नेताओं को मोदी जी की यह बात याद होनी चाहिए जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा था कि न खाऊंगा और न ही खाने दूंगा और जो जनता की गाढ़ी कमाई खा गए हैं उनके पेट से निकाल कर लाऊंगा और गरीबों के कल्याण पर खर्च करूंगा। अब चोरी और सीनाजोरी वाला जमाना चला गया है।"

अमेरिकी जनरल की टिप्पणी पर राहुल गांधी बोले- देश के साथ विश्वासघात है चीनी गतिविधियों को नजरअंदाज करना

उन्होंने कहा, "कांग्रेस नेताओं को यह बात याद होनी चाहिए कि देश में मोदी सरकार है और संसाधनों की लूट किसी सूरत में स्वीकार नहीं है। चोरी की है तो सजा तो भुगतनी पड़ेगी, चाहे कितना भी बड़ा या उच्च पद पर आसीन व्यक्ति ही क्यों ना हो।"

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी में हिम्मत है, तो वे आरोपों का सामना करें। ED के सवालों का जवाब दें और अपना पक्ष रखें।

उन्होंने कहा, "गुमराह करने और झूठ को छुपाने के लिए शक्ति प्रदर्शन से अब काम नहीं चलेगा। लालच, लूट और आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी कांग्रेस पार्टी आज देश में बुरी स्थिति में है। इसके बाद भी इनके नेता इस पर परदा ही डालने का काम कर रहे हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।