Ram Mandir Inauguration: कांग्रेस (Congress) के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने बुधवार को कहा कि अयोध्या (Ayodhya) स्थित राम जन्मभूमि पर नए बन रहे मंदिर में दर्शन के लिए उन्हें किसी व्यक्ति के न्योते की जरूरत नहीं है, क्योंकि भगवान राम उनके हृदय में बसते हैं। क्या सिंह को 22 जनवरी को आयोजित राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता मिला है? इस सवाल का सीधा जवाब न देकर उन्होंने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, "मुझे भगवान राम के दर्शन के लिए किसी के न्योते की जरूरत नहीं है। भगवान राम हमारे हृदय में हैं।"
उन्होंने दावा किया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के प्रति जनता में धीरे-धीरे अविश्वास बढ़ता जा रहा है और EVM के सॉफ्टवेयर और चिप तकनीक को लेकर उठ रहे, सवालों पर चुनाव आयोग के रवैये से शंकाओं में इजाफा हो रहा है।
सिंह ने कहा कि EVM के मुद्दे पर मुलाकात के लिए चुनाव आयोग विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ के घटक दलों के नेताओं को पिछले छह महीने से समय नहीं दे रहा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने ये भी कहा कि बड़ी तादाद में विपक्षी सांसदों को संसद से इस ‘कसूर’ के लिए निलंबित कर दिया गया कि उन्होंने संसद की सुरक्षा में चूक की घटना पर गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग की थी।
उन्होंने कहा, "हमें संसद से निलंबित कर दिया गया और महत्वपूर्ण विधेयक बिना चर्चा के पारित कर दिए गए।"
सिंह ने कहा कि अगर चुनाव आयोग और केंद्र सरकार का यही रवैया रहा, तो आम लोगों का लोकतंत्र के प्रति विश्वास धीरे-धीरे उठता चला जाएगा।
उन्होंने कहा, "अगर लोकतंत्र के प्रति विश्वास उठता है, तो फिर क्या होगा…क्रांति का रास्ता कोई रोक नहीं सकता।"
सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता पूछते हैं कि अगर EVM में गड़बड़ है, तो कांग्रेस कर्नाटक और तेलंगाना के पिछले विधानसभा चुनाव कैसे जीत गई? उन्होंने इस सवाल का खुद जवाब देते हुए कहा, "अगर गुप्त रूप से चोरी करने वाला कोई व्यक्ति सारा माल उठाकर ले जाएगा, तो पकड़ा जाएगा। इसलिए वह धीरे-धीरे चोरी करता है। ये चोरी 2012 के गुजरात विधानसभा चुनावों के बाद शुरू हुई।"
सिंह ने अगले लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे पर कटाक्ष करते हुए कहा, "इसके अगले आम चुनाव में BJP लोकसभा की सभी 542 सीट जीतने का नारा देगी।"
उन्होंने BJP पर मध्यप्रदेश में प्रशासनिक तंत्र के दुरुपयोग, मतदाता सूची में फर्जी नाम जोड़े जाने और फर्जी मतदान के आरोप लगाए।
सिंह ने दावा किया कि BJP सूबे में नवंबर के दौरान हुए विधानसभा चुनाव हार रही थी और तमाम चुनावी सर्वे कांग्रेस के पक्ष में थे। सिंह ने EVM पर संदेह जताते हुए कहा,‘‘..लेकिन चुनाव परिणाम इसके ठीक उलट आए।’’