भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चंद्रयान-3 की सफलता पर चर्चा के दौरान लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के सांसद दानिश अली (Danish Ali) के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए शुक्रवार को अपने सांसद रमेश बिधूड़ी (Ramesh Bidhuri) को कारण बताओ नोटिस जारी किया। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि पार्टी ने असंसदीय शब्दों के इस्तेमाल के लिए दक्षिण दिल्ली के सांसद से जवाब मांगा है। बिधूड़ी ने गुरुवार को लोकसभा में अली के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। गुरुवार रात को सदन में बिधूड़ी द्वारा आपत्तिजनक बयान दिए जाने के तत्काल बाद सदन के उपनेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खेद प्रकट किया था।
इस बीच, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला (Lok Sabha Speaker Om Birla) ने सदन में बिधूड़ी द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयानों को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को उन्हें भविष्य में इस तरह के आचरण पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। दानिश अली सहित विपक्षी नेताओं ने बिधूड़ी को निलंबित किए जाने की मांग की। हालांकि, संसदीय कामकाज के रिकॉर्ड से इन टिप्पणियों को हटा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा स्पीकर ने बीजेपी नेता को भविष्य में इस तरह का आचरण दोहराए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
विपक्ष ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मुस्लिम सांसद के बारे में बिधूड़ी की विवादास्पद टिप्पणी का वीडियो वायरल हो गया है। विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ सदन से निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "लोकसभा में बिधूड़ी के बयान संसद के सभी सदस्यों का अपमान करने वाले हैं। बिधूड़ी को उनके बयानों के लिए लोकसभा से निलंबित किया जाना चाहिए।" वहीं, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बिधूड़ी की गिरफ्तारी की मांग की। पार्टी ने एक बयान में कहा, "नफरत भरे भाषण के लिए कोई विशेषाधिकार नहीं। रमेश बिधूड़ी को गिरफ्तार किया जाए।"
तृणमूल कांग्रेस की सदस्य महुआ मोइत्रा ने X पर लिखा, "मुसलमानों और ओबीसी को गाली देना भाजपा की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। अधिकतर को इसमें कुछ गलत नजर नहीं आता। नरेन्द्र मोदी ने भारतीय मुसलमानों को उनके ही देश में इस कदर डर में रहने के लिए मजबूर कर दिया है कि वे सबकुछ बिना शिकायत किए सह लेते हैं।" उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री मोदी और लोकसभा स्पीकर को बिधूड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
राज्यसभा सदस्य और शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने X पर लिखा, "BJP सांसद ने साथी BSP सदस्य कुंवर दानिश अली के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कोई शर्म नहीं बची। क्या लोकसभा अध्यक्ष संज्ञान लेंगे और कार्रवाई करेंगे।" आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह ने कहा कि क्या बिधूड़ी की भाषा RSS के सिखाए मूल्यों का परिणाम है। उन्होंने कहा, "मुझे मणिपुर में हिंसा का मुद्दा उठाने पर निलंबित कर दिया गया था। कुंवर दानिश अली को गाली देने वाले इस सांसद के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।"
AAP ने बिधूड़ी की टिप्पणियों के दौरान हंसने पर BJP सदस्यों हर्षवर्धन और रविशंकर प्रसाद की भी आलोचना की। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रवक्ता क्लाइडे क्रास्तो ने X पर कहा कि बिधूड़ी को असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने के लिए निलंबित क्यों नहीं किया गया।