पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में गठबंधन की अटकलों के बीच राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) से मुलाकात की। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से मुकाबले के दौरान तेजस्वी यादव ने UPA का नेतृत्व किया था। बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम ने TMC प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने राज्य सचिवालय नबन्ना पहुंचे।
तेजस्वी यादव ने बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों में ममता बनर्जी को अपना पूर्ण समर्थन देने की पेशकश की। साथ ही उन्होंने बिहार मूल के लोगों से सत्तारूढ़ TMC के पक्ष में मतदान करने की अपील की। राज्य सचिवालय में बनर्जी के साथ मुलाकात कर बाहर निकलने के बाद तेजस्वी ने पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी की पहली प्राथमिकता पश्चिम बंगाल में BJP को आगे बढ़ने से रोकना है। हालांकि, उन्होंने पत्रकारों के इस सवाल का जवाब नहीं दिया कि RJD तृणमूल कांग्रेस के साथ गठजोड़ करके चुनाव लड़ेगा या नहीं। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि आगामी चुनाव आदर्शों एवं मूल्यों को बचाने की लड़ाई होगी।
तेजस्वी ने कहा कि हमारी पार्टी का रुख ममता जी को पूरा समर्थन देना है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कांग्रेस के साथ हमारा गठबंधन है, लेकिन बंगाल में हमारा फर्ज है कि ममता दीदी के हाथों को मजबूत करें। उन्होंने बिहार के लोगों से बनर्जी की पार्टी के साथ खड़ा रहने की अपील की। वहीं, बदले में बनर्जी ने कहा कि उनके और जेल में बंद लालू प्रसाद के मन में एक-दूसरे के प्रति सम्मान है। ममता ने कहा कि जब हम लड़ रहे हैं... यह तेजस्वी भाई भी लड़ रहे है, हम साथ-साथ हैं। बैठक के दौरान तृणमूल के वरिष्ठ नेता और शहरी विकास मंत्री फिरहद हकीम भी मौजूद रहे।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
