Get App

'औरंगजेब प्रेम' में सपा विधायक अबू आजमी सस्पेंड, सीएम योगी बोले- 'उसको यूपी भेजो हम इलाज कर देंगे'

Abu Azmi News: समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबु आसिम आजमी के मुगल बादशाह औरंगजेब की तारीफ वाले बयान का मुद्दा महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में छाया रहा। सत्तारूढ़ गठबंधन 'महायुति' के सदस्यों ने आजमी को महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित करने और उनके खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की जिसके बाद वह अपने बयान से पलट गए

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Mar 05, 2025 पर 2:25 PM
'औरंगजेब प्रेम' में सपा विधायक अबू आजमी सस्पेंड, सीएम योगी बोले- 'उसको यूपी भेजो हम इलाज कर देंगे'
Abu Azmi News: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अबू आजमी के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा

Abu Azmi News: समाजवादी पार्टी (SP) के विधायक अबू आजमी को मुगल बादशाह औरंगजेब की प्रशंसा में टिप्पणी करने के कारण बुधवार (5 मार्च) को मौजूदा बजट सत्र के अंत तक महाराष्ट्र विधानसभा की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया। राज्य विधानमंडल का बजट सत्र 26 मार्च को समाप्त होगा। राज्य के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने बुधवार को सदन में निलंबन का प्रस्ताव पेश किया। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि औरंगजेब की प्रशंसा में बयान मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके बेटे छत्रपति संभाजी महाराज का अपमान है।

पाटिल ने कहा, "औरंगजेब की प्रशंसा और संभाजी महाराज की आलोचना करने वाली आजमी की टिप्पणियां एक विधानसभा के सदस्य को शोभा नहीं देती हैं और यह विधानसभा का अपमान है।" निलंबन का प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। सपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष आजमी ने कहा था कि औरंगजेब के शासनकाल के दौरान भारत की सीमा अफगानिस्तान और बर्मा (म्यांमा) तक पहुंच गई थी।

इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अबू आजमी के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "उस व्यक्ति को (समाजवादी) पार्टी से निकालो और यूपी भेजो, हम उसका उपचार करेंगे। जो व्यक्ति छत्रपति शिवाजी महाराज की परंपरा पर गर्व करने के बजाय लज्जा महसूस करता है और औरंगज़ेब को अपना नायक मानता है, क्या उसे हमारे देश में रहने का अधिकार होना चाहिए? समाजवादी पार्टी को इसका जवाब देना चाहिए...आप अपने उस विधायक पर नियंत्रण नहीं कर पा रहे हैं? आपने उसके बयान का खंडन क्यों नहीं किया?"

मुंबई के मानखुर्द शिवाजी नगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक आजमी ने दावा किया था, "हमारा जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) (विश्व जीडीपी का) 24 प्रतिशत था और भारत को (औरंगजेब के शासनकाल के दौरान) सोने की चिड़िया कहा जाता था।" उनकी टिप्पणियों के कारण मंगलवार को राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में हंगामा हुआ, जिसमें सत्ता पक्ष के सदस्यों ने उन्हें निलंबित करने और उन पर राजद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें