समाजवादी पार्टी के मु्खिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने मंगलवार को चुनाव आयोग पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) की रखवाली को लेकर गंभीर आरोप लगाया। अखिलेश ने यह आरोप ऐसे समय में लगाए हैं, जब वाराणसी जिले में एक गाड़ी में ईवीएम मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और वोटों की गिनती शुरू होने में दो दिन से भी कम का समय बचा है।
अखिलेश ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "वाराणसी के डीएम स्थानीय उम्मीदवारों को कोई जानकारी दिए बिना ईवीएम मशीनों को एक जगह से दूसरे जगह लेकर जा रहे हैं। चुनाव आयोग को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।" सपा प्रमुख ने कहा, "अगर EVM को इस तरह से ले जाया जा रहा है तो सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। यह चोरी है। हमें अपना वोट बचाना है। हम इसके खिलाफ अदालत जा सकते हैं, लेकिन इससे पहले मैं सभी नागरिकों, सभी ईमानदार अधिकारियों और पत्रकारों से लोकतंत्र को बचाने की अपील करना चाहता हूं।"
EVM से छेड़छाड़ कर रहे अधिकारी: अखिलेश यादव
अखिलेश ने कहा, "क्या वजह है कि बिना सुरक्षा के EVM मशीनों को ले जाया जा रहा है। बिना प्रत्याशी के जानकारी के आप EVM के एक जगह से दूसरी जगह नहीं ले जा सकते हैं। आखिर सुरक्षाबलों के साथ EVM मशीनें क्यों नहीं जा रही थी।"
'बरेली में कचड़े की गाड़ी में मिली EVM"
उन्होंने आगे कहा, "EVM मशीनें पकड़ी गई हैं। अब अधिकारी कोई ना कोई बहाना बनाएंगे कि हम EVM को इस वजह से ले जा रहे थे। बरेली में तो कचड़े की गाड़ी में EVM मशीनें पकड़ी गई है।"
सभी प्रत्याशी-समर्थकों को कैमरे के साथ तैयार रहने को कहा
अखिलेश ने एक ट्वीट में कहा, "वाराणसी में EVM पकड़े जाने का समाचार उप्र की हर विधानसभा को चौकन्ना रहने का संदेश दे रहा है। मतगणना में धांधली की कोशिश को नाकाम करने के लिए सपा-गठबंधन के सभी प्रत्याशी और समर्थक अपने-अपने कैमरों के साथ तैयार रहें। युवा लोकतंत्र व भविष्य की रक्षा के लिए मतगणना में सिपाही बने!"
बीजेपी की चोरी ढकने के लिए लिए किए गए हैं एग्जिट पोल
अखिलेश यादव ने कहा, "बनारस और अयोध्या में समाजवादी पार्टी जीत रही है। हमारा गठबंधन 300 सीटों तक पहुंच जाएगा। एग्जिट पोल इसलिए किए गए है कि जो चोरी करी जाए उसे ढका जा सके। उत्तर प्रदेश का चुनाव लोकतंत्र की आखिरी लड़ाई है। इसके बाद लोगों को क्रांति करनी होगी तभी बदलाव आएगा।"
उन्होंने कहा, "मैं अपनी पार्टी के लोगों से कहूंगा कि जहां पर मशीनें रखी गई हैं, वहां पर जब तक काउंटिंग ना हो जाए तब तक वहां किसी का आना जाना ना हो और उसपर नजर बनाए रखें। कल जो एग्जिट पोल के नतीजें आए हैं, उससे ये लोग यह सोच बनाना चाहते हैं कि भाजपा जीत रही है, जिससे वे अगर चोरी भी करे तो वह भी पता ना लगे कि चोरी हुई है। यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है"
स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी लगाया EVM छेड़छाड़ का आरोप
इस बीच चुनाव से पहले बीजेपी छोड़कर समाजवादी पार्टी में आए स्वामी प्रसाद मौर्य ने EVM में हेराफेरी का आरोप लगाया है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक ट्वीट में कहा, "चोर चोरी से जाए, हेरा-फेरी से न जाए। योगी सरकार अभी भी ई.वी.एम. मशीन की हेरा-फेरी कर जनादेश पर डकैती डालना चाहती है। अब समझ में आया कि सूपड़ा साफ होने के बाद भी भाजपा, सरकार बनाने का दम्भ क्यों भर रही है। ईवीएम मशीन से भरी डीसीएम का वीडियो शिवपुर विधानसभा, वाराणसी।"
10 मार्च को होगी वोटों की गिनती
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात चरणों में 10 फरवरी से 7 मार्च तक मतदान हुआ था। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।