शिवसेना सांसद संजय राउत ने ED अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू करने की दी धमकी, बोले- केंद्रीय एजेंसी के अफसर भी जाएंगे जेल

संजय राउत ने कहा कि मुंबई पुलिस जल्द ही ED अधिकारियों की सांठगांठ से आपराधिक सिंडिकेट और जबरन वसूली रैकेट की जांच शुरू करेगी

अपडेटेड Mar 08, 2022 पर 7:11 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
शिवसेना नेता ने कहा कि अब तक महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के 14 प्रमुख लोगों के खिलाफ ED की कार्रवाई हुई है

शिवसेना नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने मंगलवार को कहा कि मुंबई पुलिस जल्द ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों की सांठगांठ से आपराधिक सिंडिकेट और जबरन वसूली रैकेट की जांच शुरू करेगी। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "मेरी बात मानिए, इनमें से कुछ ईडी अधिकारी जेल भी जाएंगे।"

राउत का यह बयान ऐसे समय आया है जब महाराष्‍ट्र में मंगलवार को शिवसेना के मंत्री आदित्‍य ठाकरे (Aaditya Thackeray) और मंत्री अनिल परब (Anil Parab) के कई करीबियों पर आयकर विभाग (Income Tax Department) ने छापेमारी की है। मुंबई और पुणे में आईटी की रेड (IT raids) शिवसेना नेताओं के करीबियों पर चल रही है।

ये भी पढ़ें- आदित्य ठाकरे के करीबी शिवसेना पदाधिकारी के परिसरों पर IT का छापा, पर्यटन मंत्री बोले- 'हम झुकेंगे नहीं'


शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि अब तक महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी के 14 प्रमुख लोगों के खिलाफ ED की कार्रवाई हुई है। पश्चिम बंगाल में 60 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो रही हैं, लेकिन बीजेपी के लोगों के खिलाफ ED और IT की कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

'एजेसियां चुने हुए लोगों को ही टारगेट क्यों कर रही हैं?'

राउत ने आगे कहा कि पूरे देश में सबके मन में सवाल है कि केवल महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में ही केंद्रीय जांच एजेसियां चुने हुए लोगों को ही टारगेट क्यों कर रही हैं? अब तक महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा ED के छापे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि ED और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को यही काम रह गया है कि जहां-जहां शिवसेना का कार्यकर्ता हैं, जहां-जहां शिवसेना की शाखा है, जहां-जहां शिवसेना के लोग चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वहां छापा मारेंगे।

आदित्य ठाकरे के करीबी पर छापेमारी

आयकर विभाग द्वारा मुंबई और पुणे सहित पूरे महाराष्ट्र में 20 से अधिक परिसरों पर छापेमारी चल रही है। इनमें से 12 साइट मुंबई में स्थित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र में सत्ताधारी शिवसेना के पदाधिकारी और शिरडी ट्रस्ट के सदस्य राहुल कनाल (Rahul Kanal) के यहां भी आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है।

कनाल पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे के करीबी माने जाते हैं। यही वजह है कि इस मामले में अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है। आयकर विभाग ने हाल ही में विभिन्न बीएमसी कॉन्ट्रैक्टर और शिवसेना नेताओं के कार्यालयों और परिसरों पर छापेमारी की थी।

'महाराष्ट्र झुकेगा नहीं'

छापेमारी के बारे में पूछे जाने पर पर्यावरण और पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि पूर्व में भी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ, यह बंगाल, आंध्र प्रदेश में हुआ और अब महाराष्ट्र में भी हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियां ​​एक तरह से भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ही प्रचार मशीनरी बन गई हैं। लेकिन हम झुकेंगे नहीं, महाराष्ट्र झुकेगा नहीं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।